Tuesday, 8 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

पहले किया उधार चुकता, फिर लूटे 7.47 लाख:फतेहाबाद पुलिस ने किया लूट का खुलासा, 4 आरोपी अरेस्ट, जेल में रची गई साजिश

INT News8 September 2026 at 02:53 pm

फतेहाबाद जिले के गांव खारा खेड़ी के सारंगपुर रोड पर कार सवार 3 युवकों से फायरिंग कर हुई 7.47 लाख रुपए की लूटपाट की गुत्थी को फतेहाबाद पुलिस ने सुलझा लिया है। एएसपी दिव्यांशी सिंगला ने प्रेस कॉन्फ्रेंस के दौरान पूरे मामले का पर्दाफाश करते हुए बताया कि पुलिस टीमों ने त्वरित कार्रवाई करते हुए इस वारदात में शामिल सभी 4 आरोपियों को गिरफ्तार कर लिया है। हालांकि पुलिस ने कोर्ट की कार्रवाई का हवाला देते हुए उनकी पहचान अभी गुप्त रखी है। जानकारी के अनुसार, इस मामले में मुख्य साजिशकर्ता युवक किडनेपिंग के केस में जेल में बंद था और वहीं बाकी तीन अन्य आरोपियों की उससे जान पहचान बनी। जेल में ही लूटपाट की साजिश रची गई। वहीं यह पता चला है कि मुख्य साजिशकर्ता और शिकायतकर्ता संदीप में जान पहचान है और शिकायतकर्ता ने यह रुपए साजिशकर्ता से ही उधार मांगे थे। बाद में जब आरोपी जेल से बाहर आया तो उसने शिकायतकर्ता को रुपए दे दिए। एएसपी ने बताया कि मुख्य साजिशकर्ता ने बाकी आरोपियों को बताया था कि जब वह रुपए देगा तो बाकी आरोपी रास्ता रोक कर लूट लेंगे। पेट्रोल पंप का हिसाब चुकता करने जा रहे थे युवक एएसपी ने बताया कि, बताया कि 5 सितंबर की रात आदमपुर निवासी व्यापारी संदीप अपने साथियों के साथ बड़ोपल स्थित भादू पेट्रोल पंप पर डीजल का हिसाब चुकता करने जा रहे थे। इसी दौरान खारा खेड़ी के पास बिना नंबर प्लेट की वरना कार में सवार बदमाशों ने हवाई फायरिंग कर डंडों से गाड़ी के शीशे तोड़ दिए और 7.47 लाख रुपए से भरा बैग लूटकर फरार हो गए थे। सूचना के बाद डीएसपी जय सिंह के नेतृत्व में सीआईए व थाना सदर पुलिस की अलग-अलग टीमों का गठन किया गया था। टीमों ने तकनीकी साक्ष्यों व गुप्त सूचना के आधार पर छापेमारी करते हुए चारों मुख्य आरोपियों को दबोच लिया। 1.30 लाख कैश और गाड़ी बरामद पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से 1 लाख 30 हजार रुपए की राशि और मुख्य साजिशकर्ता द्वारा जिस गाड़ी में शिकायतकर्ता संदीप को रकम दी गई वह गाड़ी को बरामद कर लिया है। पकड़े गए आरोपियों से गहनता से पूछताछ की जा रही है ताकि वारदात से जुड़े अन्य पहलुओं और उनके आपराधिक रिकॉर्ड का पता लगाया जा सके। आरोपियों को अदालत में पेश कर रिमांड पर लिया जाएगा।