समाचार · मध्य प्रदेश
नीमच के पास दिखे तेंदुए का सुरक्षित रेस्क्यू:रावलीकुडी में सूचना पर पहुंची टीम; जांच के बाद प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ा
नीमच जिले के ग्राम रावलीकुडी के पास सोमवार को दिखे तेंदुए को वन विभाग की टीम ने सुरक्षित रेस्क्यू किया। पशुचिकित्सक दल ने उसकी स्वास्थ्य जांच की। इसके बाद उसे प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। वन विभाग और पुलिस की टीम मौके पर पहुंची तेंदुए की मौजूदगी की सूचना मिलने पर वनसंरक्षक उज्जैन वन वृत्त किरण बिसेन और वनमंडलाधिकारी मंदसौर संजय रायखेरे के मार्गदर्शन में टीम मौके पर पहुंची। रेस्क्यू दल का नेतृत्व गांधीसागर अभयारण्य के अधीक्षक अमित राठौर ने किया। टीम के साथ पशुचिकित्सक दल और पुलिस बल भी मौजूद था। लोगों की सुरक्षा के लिए इलाके की घेराबंदी की गई। इसके बाद प्रशिक्षित रेस्क्यू दल ने पशुचिकित्सक की निगरानी में तय प्रक्रिया के तहत तेंदुए को बेहोश कर सुरक्षित पकड़ा। स्वास्थ्य जांच के बाद उसे प्राकृतिक वन क्षेत्र में छोड़ दिया गया। वन विभाग ने लोगों से की अपील वन विभाग ने लोगों से अपील की है कि वन्यप्राणी दिखने पर उसके पास न जाएं और उसे परेशान न करें। इसकी सूचना तुरंत वन विभाग को दें और सुरक्षित दूरी बनाए रखें।