national
CJI सूर्यकांत से भिड़ा वकील, बोला- आप इस कुर्सी पर बैठने के लायक नहीं; कोर्ट रूम से बाहर निकाला गया

लाइव लॉ के मुताबिक, यह घटना उस समय हुई जब वकील ने अपनी याचिका पर जल्द सुनवाई की मांग की. उसने बताया कि उसका मामला 2 नवंबर को CJI सूर्यकांत के कार्यालय में रखा गया था, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला. बताया जा रहा है कि वकील अपने खिलाफ चल रहे अवमानना मामले को लेकर नाराज था.
पहले माफी मांगी, फिर CJI पर की व्यक्तिगत टिप्पणी
वकील ने दोपहर करीब 2 बजे उचित मेंशनिंग प्रक्रिया का पालन किए बिना अपना मामला उठाया. हालांकि, उसने शुरुआत में इसके लिए माफी भी मांगी. इसके बाद उसने CJI सूर्यकांत, जस्टिस जॉयमाल्य बागची और जस्टिस वी. मोहना की पीठ से अपने मामले के कागजात देखने का अनुरोध किया.
वकील ने पीठ से कहा कि उसका मामला 2 नवंबर को जस्टिस सूर्यकांत के कार्यालय में दिया गया था, लेकिन 15 दिन बीतने के बाद भी कोई जवाब नहीं मिला. इसलिए उसे अदालत के सामने आना पड़ा.
इस पर जस्टिस वी. मोहना ने उसे टोका और कहा कि इस तरह किसी मामले का उल्लेख नहीं किया जा सकता. हालांकि, वकील अपनी बात पर अड़ा रहा. उसने कहा कि वह आपात स्थिति के कारण आया है और उसने पीठ से एक बार कागजात देखने की अपील की.
CJI ने इंतजार करने को कहा, वकील ने किया इनकार
चीफ जस्टिस सूर्यकांत ने वकील से इंतजार करने को कहा. उन्होंने कहा, 'हम देखेंगे, आप बस इंतजार कीजिए.' लेकिन वकील इंतजार करने को तैयार नहीं हुआ. इसके बाद उसने CJI के खिलाफ व्यक्तिगत टिप्पणियां शुरू कर दीं.
लाइव लॉ की रिपोर्ट के मुताबिक, वकील ने कहा, 'नहीं, मैं इंतजार नहीं करूंगा. आप इस कुर्सी पर नहीं बैठ सकते, आप इसके लायक नहीं हैं. आपमें इस पद के लिए ईमानदारी नहीं है.'
वकील की इस टिप्पणी के बाद कार्यवाही का ऑडियो-वीडियो बंद कर दिया गया. कोर्टरूम में मौजूद वकीलों के मुताबिक, इसके बाद संबंधित वकील को बाहर ले जाया गया.
बताया गया कि वकील ने पीठ में शामिल जस्टिस बागची और जस्टिस मोहना के प्रति सम्मान जताया, लेकिन CJI सूर्यकांत को इस पद के योग्य नहीं बताया. कोर्टरूम में मौजूद कुछ अन्य वकीलों ने भी उसके व्यवहार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की मांग की.
जुलाई में भी CJI सूर्यकांत के खिलाफ हुई थी अभद्रता
सुप्रीम कोर्ट में इस तरह की घटना पहली बार नहीं हुई है. इसी साल जुलाई में प्रबल प्रताप नाम के एक पक्षकार ने व्यक्तिगत रूप से पेश होकर अदालत में हंगामा किया था. उसने CJI सूर्यकांत के खिलाफ अपशब्दों का इस्तेमाल किया था.
हालांकि, उस समय चीफ जस्टिस पीठ में शामिल नहीं थे. अदालत ने अवमानना की कार्रवाई शुरू करने से इनकार कर दिया था. पीठ ने कहा था कि संबंधित पक्षकार परेशान दिखाई दे रहा था और उसे कुछ मेडिकल समस्याएं भी थीं.
इस घटना के बाद सुप्रीम कोर्ट ने व्यक्तिगत रूप से पेश होने वाले पक्षकारों की वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कार्यवाही का ऑडियो और वीडियो बंद करना शुरू कर दिया था.
पूर्व CJI बीआर गवई पर जूता फेंकने की कोशिश हुई थी
अक्टूबर 2025 में भी सुप्रीम कोर्ट में ऐसी ही घटना हुई थी. उस समय 71 वर्षीय वकील राकेश किशोर ने तत्कालीन चीफ जस्टिस बीआर गवई की ओर जूता फेंकने की कोशिश की थी.
बताया गया था कि वह मध्य प्रदेश के खजुराहो मंदिर परिसर में भगवान विष्णु की क्षतिग्रस्त मूर्ति को दोबारा स्थापित करने की मांग वाली याचिका पर सुनवाई के दौरान CJI गवई की टिप्पणियों से नाराज था.