समाचार · मध्य प्रदेश
जयस ने जलाया पन्नालाल शाक्य का पुतला:विधायक ने कहा था- इस देश में कोई आदिवासी नहीं है, सब गिरी वासी हैं
भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर गुना विधायक पन्नालाल शाक्य के दिए गए बयान का विरोध होने लगा है। सोमवार शाम राघौगढ़ में जयस ने विधायक का पुतला दहन किया। मंगलवार को बीनागंज और गुना में भी पुतला दहन किया जाएगा। भगवान बिरसा मुंडा की जयंती पर रविवार को जनजातीय गौरव दिवस मनाया गया था। इस दौरान जिला स्तरीय कार्यक्रम शुभ विदाई गार्डन में आयोजित किया गया था। कार्यक्रम को संबोधित करते हुए गुना विधायक पन्नालाल शाक्य ने कहा था कि आज बिरसा मुंडा जी का जन्म मनाया जा रहा है। अपने देश की आज जो व्यवस्था है, उसमें चार प्रकार के भेद कर दिए हैं। इतने नहीं थे। न कोई आदिवासी था, न कोई पुरावासी था, न कोई जनजाति थी, न अनुसूचित जाति के लोग थे, न अगड़े थे न पिछड़े थे। समाज को टुकड़ों में रखना और अपना राज कायम रखना, ये ही आज भी चल रहा है। हम आज जिस महापुरुष के जन्मदिवस पर उपस्थित हुए हैं, तो ये चार बातें बिल्कुल स्पष्ट रखो। इस देश में कोई आदिवासी नहीं है, सब गिरी वासी हैं, जो पहाड़ों पर रहते हैं। जो जंगलों में रहते हैं, वो वनवासी हैं। जो गांव में रहते हैं, जो ग्रामवासी और जो शहरों में रहते हैं, वो नगरवासी हैं। इन चारों के आधार पर अपने समाज का विभाजन हुआ था। तुम आदिवासी हो, तो फिर हम क्या हैं। हम क्या बाहर से आए हैं। अध्यक्ष जी बैठे हैं, ये बाहर से आए हैं क्या। अरे ये भी आदिवासी हैं। कुछ लोग तोड़ रहे हैं, ये आदिवासी नहीं हैं, हम आदिवासी हैं। इसलिए हमारी व्यवस्था अलग। जयस ने जलाया पुतला विधायक पन्नालाल शाक्य के बयान के अगले दिन इसका विरोध होने लगा। सोमवार शाम को राघौगढ़ में उनका पुतला दहन किया गया। राघौगढ़ बस स्टैंड पर जयस ने विधायक का पुतला जलाया। इस दौरान जयस कार्यकर्ताओं ने कहा कि यह तो शुरुआत है। अगर बहुत जल्दी विधायक माफी नहीं मांगेंगे, तो पूरे मध्यप्रदेश में आदिवासी सड़कों पर उतरेगा। आप अपना राजनीतिक भुट्टा खूब सेको, लेकिन समाज विशेष पर आरोप लगाना और खासकर आदिवासी समाज के अस्तित्व पर सवाल करने का आपको कोई अधिकार नहीं है। मंगलवार को बीनागंज, गुना में भी पुतला दहन किया जाएगा।