Tuesday, 17 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

गैंगस्टर मुख्तार-मलिक के बेटे ने महिला को मारी थी गोली:वारदात के बाद खुद अस्पताल ले जाकर पुलिस को करता रहा गुमराह; 27 दिन बाद अरेस्ट

INT News16 November 2026 at 11:18 pm

भोपाल के टीलाजमालपुरा में महिला के पैर में गोली लगने के मामले में पुलिस ने करीब 27 दिन की जांच के बाद आरोपी यासीन मलिक उर्फ शोबी (24) को सोमवार को गिरफ्तार किया है। पुलिस के मुताबिक, कुख्यात गैंगस्टर रहे मुख्तार मलिक के बेटे यासीन ने पारिवारिक विवाद के दौरान अपनी पिस्टल से महिला पर फायर किया था। वारदात के बाद वह खुद ही महिला को अस्पताल लेकर पहुंचा और पुलिस को गुमराह करने के लिए घटना की अलग-अलग कहानियां बनाता रहा। पुलिस ने आरोपी के पास से वारदात में इस्तेमाल पिस्टल और एक जिंदा कारतूस बरामद किया है। टीआई आशुतोष उपाध्याय ने बताया कि कच्ची मस्जिद रोड स्थित हैदर टावर निवासी सायरा खान (43) को 19 अक्टूबर की शाम करीब 7 बजे पैर में गोली लगी थी। निजी अस्पताल में ऑपरेशन कर गोली निकाली गई। महिला की शिकायत पर पुलिस ने अज्ञात आरोपी के खिलाफ हत्या के प्रयास का केस दर्ज किया था। शुरुआत में सायरा ने घर के बाहर टहलने के दौरान गोली लगने की बात कही थी। पुलिस ने बताए गए स्थान की जांच की, लेकिन वहां न खून के निशान मिले और न ही फायरिंग के साक्ष्य। इसके बाद पुलिस ने घर की तलाशी ली तो खून के धब्बे और कारतूस का खाली खोखा मिला। जांच में यह भी सामने आया कि यासीन ही महिला को अस्पताल लेकर पहुंचा था। घर से मिले साक्ष्यों और महिला के वायरल वीडियो के आधार पर पुलिस ने दोबारा पूछताछ की। इसमें सामने आया कि दोनों के बीच पारिवारिक विवाद हुआ था। इसी दौरान गुस्से में यासीन ने पिस्टल से गोली चला दी। एक दर्जन से ज्यादा अपराध दर्ज यासीन मलिक के खिलाफ हत्या के प्रयास, मारपीट, तोड़फोड़, आर्म्स एक्ट और जिला बदर आदेश के उल्लंघन सहित करीब एक दर्जन आपराधिक मामले दर्ज हैं। दिसंबर 2025 में उसे छह महीने के लिए जिला बदर किया गया था। इसके बावजूद भोपाल में सक्रिय रहने पर वह पहले भी जिला बदर के उल्लंघन में गिरफ्तार हो चुका है