Tuesday, 17 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

प्रधान आरक्षक की पत्नी-बेटे पर धोखाधड़ी का केस:कटनी में मुरूम के भुगतान और धमकी की शिकायत; माधव नगर थाने में FIR

INT News16 November 2026 at 10:43 pm

कटनी के माधव नगर थाने में बाकल थाने में पदस्थ प्रधान आरक्षक के.के. शुक्ला की पत्नी अनुराधा शुक्ला और बेटे अनुभव शुक्ला के खिलाफ धोखाधड़ी का केस दर्ज किया गया है। कृष्णा वीएन मिनरल्स की प्रोपराइटर वंदना तिवारी ने मुरूम सप्लाई के लाखों रुपए का भुगतान नहीं करने, गाली-गलौज और जान से मारने की धमकी देने की शिकायत की थी। पुलिस अधीक्षक अभिनव विश्वकर्मा के निर्देश पर जांच के बाद यह कार्रवाई की गई। रेलवे निर्माण के लिए मुरूम सप्लाई की थी वंदना तिवारी ने पुलिस महानिरीक्षक, जबलपुर को शिकायत दी थी। उनकी कंपनी खनन से जुड़े काम करती है। शिकायत के मुताबिक, कटनी में रेलवे विभाग और एलएंडटी के जरिए निर्माण कार्य चल रहा है। इसके लिए एकेकेएस ट्रेडर्स ने एलएंडटी से पेटी कॉन्ट्रैक्ट लिया था। वंदना तिवारी का आरोप है कि एकेकेएस ट्रेडर्स प्रधान आरक्षक के.के. शुक्ला की पत्नी अनुराधा और बेटे अनुभव की फर्म है। उनकी खदानों से इस फर्म को मुरूम सप्लाई की गई थी, लेकिन इसके बदले लाखों रुपए का भुगतान नहीं किया गया। पैसे मांगने पहुंचीं तो अभद्रता का आरोप शिकायतकर्ता के मुताबिक, बकाया रकम के लिए उन्होंने कई बार संपर्क किया, लेकिन उनके फोन नहीं उठाए गए। आरोप है कि दीपावली से पहले जब वह पैसे मांगने प्रधान आरक्षक के घर पहुंचीं, तो वहां के.के. शुक्ला, अनुराधा शुक्ला और अन्य परिजनों ने उनके साथ अभद्रता की और जान से मारने की धमकी दी। अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक ने मामले की जांच कराई। पुलिस के अनुसार, जांच में शिकायतकर्ता को भुगतान नहीं करने की बात सही पाई गई। इसके बाद माधव नगर थाने में भारतीय न्याय संहिता की धारा 318(4) के तहत केस दर्ज कर जांच शुरू की गई। पहले भी परिवार पर लग चुके हैं आरोप स्थानीय ग्रामीणों ने पहले एनकेजे थाना क्षेत्र के पड़रिया गांव के पास प्रधान आरक्षक के परिजनों पर अवैध रूप से मिट्टी और मुरूम उत्खनन करने और दबंगई दिखाने के आरोप लगाए थे। इस विवाद के बाद के.के. शुक्ला को बड़वारा थाने से हटाकर बाकल थाने में पदस्थ किया गया था। बाकल थाने में पदस्थापना के कुछ महीने बाद स्थानीय सामाजिक संगठनों और ग्रामीणों के बीच हुई झड़प में भी उनकी भूमिका को लेकर सवाल उठे थे। हाल ही में दशहरा पर्व के दौरान एक मैरिज गार्डन में हुए निजी कार्यक्रम का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हुआ था। इसमें ग्रामीणों पर लाठियां बरसाते हुए लोग दिखाई देने का दावा किया गया था। हालांकि, उस मामले में कार्रवाई की जानकारी सामने नहीं आई थी। वर्तमान मामले में पुलिस ने प्रधान आरक्षक की पत्नी और बेटे के खिलाफ FIR दर्ज की है। अब यह देखना होगा कि इस मामले में प्रधान आरक्षक के.के. शुक्ला के खिलाफ विभागीय स्तर पर भी कोई कार्रवाई होती है या नहीं।