Tuesday, 17 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बिना विशेषज्ञता की डिग्री के बच्चे का किया इलाज:सिर के बाल झड़े और आंखों में आया भेंगापन; उपभोक्ता आयोग ने लगाया हर्जाना

INT News16 November 2026 at 10:52 pm

ग्वालियर में बिना विशेषज्ञता की डिग्री के एक डॉक्टर को सात साल तक मासूम बच्चे का त्वचा और बालों से जुड़ी समस्या का इलाज करना भारी पड़ गया। जिला उपभोक्ता विवाद प्रतितोषण आयोग ने सोमवार को शिंदे की छावनी स्थित क्लीनिक के संचालक डॉ. कुलदीप सक्सेना को 'अनुचित व्यापार व्यवहार' का दोषी मानते हुए पीड़ित परिवार को 2 लाख 22 हजार रुपए का हर्जाना देने का आदेश दिया है। परिवार का आरोप है कि लगातार इलाज के बावजूद बच्चे के सिर के बाल झड़ गए और उसकी आंखों में भेंगापन आ गया। मामला वर्ष 2018 से 2025 के बीच का है। बच्चे के पिता मोनू राठौर का कहना है कि वे आयोग के फैसले से संतुष्ट नहीं हैं और डॉक्टर के खिलाफ कार्रवाई के लिए हाईकोर्ट तक जाएंगे। इलाज से फायदा नहीं हुआ, आंखों की रोशनी भी कमजोर हुई घासमंडी (किलागेट) निवासी मोनू राठौर वर्ष 2018 में अपने बेटे के सिर पर बाल नहीं होने की समस्या लेकर डॉ. कुलदीप सक्सेना के पास पहुंचे थे। पिता के मुताबिक, डॉक्टर हर बार छह-छह महीने की दवाइयां देते रहे। वर्ष 2025 तक इलाज कराने के बाद भी बच्चे के सिर पर बाल नहीं आए, बल्कि बचे हुए बाल भी झड़ गए। परिवार का आरोप है कि दवाइयों के साइड इफेक्ट से बच्चे की आंखों की रोशनी कमजोर हो गई और उनमें भेंगापन आ गया। RTI से सामने आई विशेषज्ञता की डिग्री नहीं होने की जानकारी बच्चे की हालत बिगड़ने पर मोनू राठौर ने डॉक्टर से उनकी विशेषज्ञता की डिग्री के बारे में पूछा। आरोप है कि इस पर क्लीनिक में उनके साथ अभद्र व्यवहार किया गया। इसके बाद पिता ने सीएमएचओ कार्यालय में आरटीआई लगाई। जवाब में पता चला कि डॉ. कुलदीप सक्सेना के पास त्वचा रोग (डर्मेटोलॉजी) की कोई डिग्री या डिप्लोमा नहीं है। वे केवल एमबीबीएस हैं। इसके बावजूद क्लीनिक के बोर्ड और लेटर पैड पर 'डिप्लोमा इन डर्मेटोलॉजी एंड वेनेरोलॉजी' लिखा हुआ था। आयोग ने माना अनुचित व्यापार व्यवहार, 2.22 लाख रुपए हर्जाना देने के आदेश मोनू राठौर ने डॉक्टर के खिलाफ उपभोक्ता आयोग में शिकायत की थी। आयोग ने डॉक्टर को नोटिस जारी किया, लेकिन वे जवाब देने के लिए उपस्थित नहीं हुए। अध्यक्ष राजेंद्र प्रसाद शर्मा और सदस्य रेवती रमण मिश्रा की पीठ ने सुनवाई के बाद कहा कि डॉक्टर ने खुद को त्वचा रोग विशेषज्ञ बताकर इलाज किया, जबकि उनके पास इस विशेषज्ञता की कोई वैध डिग्री या मान्यता नहीं थी। लंबे समय तक इलाज से फायदा नहीं होने के बावजूद मरीज को किसी बड़े अस्पताल में भी रेफर नहीं किया गया। आयोग ने इसे अनुचित व्यापार व्यवहार मानते हुए डॉक्टर को पीड़ित परिवार को 2 लाख 22 हजार रुपए हर्जाना देने का आदेश दिया। पिता बोले- बच्चे की पूरी जिंदगी प्रभावित हुई, हाईकोर्ट जाएंगे मोनू राठौर ने कहा कि वे इस कार्रवाई से संतुष्ट नहीं हैं। उनके मुताबिक, बच्चे की पूरी जिंदगी प्रभावित हुई है। वे इस मामले को हाईकोर्ट तक लेकर जाएंगे और डॉक्टर के खिलाफ कड़ी कार्रवाई की मांग करेंगे।