Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

दिवाली पर रांची आने का हवाई सफर महंगा, टिकटों के दाम 3 गुना तक बढ़े, भुवनेश्वर से किराया 25 हजार पार

INT News25 October 2026 at 10:26 am

Diwali Flight Ticket Prices to Ranchi : दिवाली पर रांची का हवाई सफर महंगा हो चला है. एयरलाइंस कंपनियों ने दूसरी जगहों से रांची के लिए प्लेन के टिकट की कीमत ढाई से तीन गुना तक बढ़ा दी है. इस वर्ष दिवाली आठ नवंबर को है. वहीं घर वापसी का सफर बेहद खर्चीला साबित हो रहा है. ऐसे में जो लोग इस मौके पर देश के विभिन्न राज्यों से रांची आने की योजना बना रहे हैं, उन पर आर्थिक दबाव बढ़ जायेगा. आंकड़ों के मुताबिक, सबसे चौंकाने वाली स्थिति भुवनेश्वर-रांची मार्ग पर देखने को मिल रही है. जिस भुवनेश्वर-रांची विमान का किराया सामान्य दिनों में महज 4,533 रुपये रहता है, वही टिकट दिवाली से ठीक पहले छह नवंबर को बढ़कर 25,665 रुपये के रिकॉर्ड स्तर पर पहुंच गया है. हालांकि सात नवंबर को यह थोड़ा कम होकर 15,296 रुपये में मिल रहा है, लेकिन यह सामान्य किराये से अब भी कई गुना अधिक है.

महानगरों से आने वाले यात्रियों की बढ़ी मुश्किलें

देश के अन्य प्रमुख महानगरों से रांची की उड़ान भरने वाले यात्रियों को भी भारी-भरकम राशि चुकानी पड़ रही है.

इसलिए महंगा हुआ सफर

त्योहार पर डायनेमिक प्राइसिंग की मार विमानन क्षेत्र के जानकारों का मानना है कि त्योहारी सीजन में मांग और आपूर्ति के असंतुलन के कारण एयरलाइंस कंपनियां 'डायनेमिक प्राइसिंग' का सहारा लेती हैं. जैसे-जैसे सीटें कम होती जाती हैं, टिकटों की कीमत स्वतः बढ़ती चली जाती है. रांची के लिए डायरेक्ट फ्लाइट्स सीमित होने से भी विमान कंपनियों को इसका फायदा उठाने का मौका मिल जाता है.

किस प्रमुख रूट पर कितना किराया ?

दिल्ली से रांची: सामान्य दिनों में 7,314 रुपये का किराया 6 नवंबर को 15,349 रुपये और 7 को 16,219 रुपये हो गया है.

मुंबई से रांची: सामान्य दिनों का 8,484 रुपये का किराया बढ़कर 6 नवंबर को 22,730 रुपये और 7 को 19,597 रुपये पहुंच गया है.

बेंगलुरु से रांचीः सामान्य दिनों में 8,689 रुपये में मिलने वाला टिकट 6 नवंबर को 16,895 रुपये और 7 को 17,947 रुपये में मिल रहा है.

चेन्नई से रांची: सामान्य दिनों के 8,648 रुपये के मुकाबले 6 नवंबर को किराया 18,061 रुपये और 7 को 15,263 रुपये है.

कोलकाता से रांची: कोलकाता का सामान्य किराया 4,320 रुपये है, जो 6 नवंबर को 6, 105 रुपये और 7 को बढ़कर 9,150 रुपये हो गया है.

हैदराबाद से रांचीः   सामान्य दिनों में 6,619 रुपये रहने वाला किराया 6 नवंबर को 18,052 रुपये और 7 को 19,342 रुपये तक पहुंच गया है.

अहमदाबाद से रांची: अहमदाबाद रूट पर सामान्य किराया 7,822 रुपये है, जो 6 नवंबर और 7 नवंबर दोनों ही दिन उछलकर 21,734 रुपये पर स्थिर हो गया है.

पटना से रांची: नजदीकी रूट होने से पटना से सामान्य किराया 3,897 रुपये रहता है, जो 6 नवंबर को 6,207 रुपये और 7 नवंबर को 5,367 रुपये हो गया है.

यह भी पढ़ें: बम से उड़ाने की धमकी के बाद रांची एयरपोर्ट पर बढ़ी चौकसी, यात्रियों की जांच तेज

यह भी पढ़ें: Ranchi Weather: आज धुंध के बाद खिलेगी धूप, 27-28 अक्तूबर को बारिश बिगाड़ सकती है मौसम