समाचार · हरियाणा
हड़ताल के बाद आंधी-बारिश ने बिगाड़ी व्यवस्था:कुरुक्षेत्र मंडियों में धान भीगा, सड़कों पर गिरे पेड़, खंभे-ट्रांसफार्मर गिरने से बिजली रही गुल
कुरुक्षेत्र जिले में शनिवार रात हुई तेज बारिश और आंधी से अनाज मंडियों में धान भीग गया, सड़कों पर पेड़ गिर गए और कई इलाकों में बिजली सप्लाई ठप रही। थानेसर अनाज मंडी में उठान के इंतजार में रखी धान की करीब 6 लाख बोरियों में से ज्यादातर खुले आसमान के नीचे थीं। बारिश से धान भीगने के साथ मंडी में जलभराव हो गया। मजदूर सुबह पानी के बीच से धान की बोरियां निकालने में जुटे रहे। उधर, कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड, कुरुक्षेत्र-ढांड रोड, शहर में गुरुद्वारा छठी पातशाही के पास और झांसा रोड पर पेड़ और टहनियां टूटकर गिरने की घटनाएं हुईं। कई जगह बिजली के पोल गिरने और लाइनों में फॉल्ट आने से रातभर बिजली गुल रही। हड़ताल के बाद पहुंची ढाई हजार शिकायतें बिजली कर्मचारियों की दो दिन की हड़ताल के दौरान शुक्रवार रात 12 बजे तक निगम में ढाई हजार से ज्यादा शिकायतें दर्ज हुई। रविवार सुबह मौसम साफ होने और धूप निकलने के बाद मंडियों में धान सुखाने, सड़कों से पेड़ हटाने और बिजली के फॉल्ट ठीक करने का काम शुरू हुआ। मंडी में भीगा धान, सुबह तक भरा रहा पानी जिले की मंडियों में उठान के इंतजार में बोरियां पड़ी रहीं। इनमें ज्यादातर बोरियां खुले आसमान के नीचे रखी थीं। शनिवार रात तेज बारिश के दौरान धान को बचाने के लिए तिरपाल डाले गए, लेकिन आंधी के कारण तिरपाल बोरियों को पूरी तरह ढक नहीं पाए। इससे खुले में पड़ा धान और उठान के लिए पड़ी बोरियां भीग गई। बारिश के बाद मंडी में पानी भर गया। रविवार सुबह तक कई जगह जलभराव के कारण तालाब जैसे हालात बने रहे। मंडी में काम करने वाले मजदूर पानी के बीच से धान की बोरियां निकालने में जुटे रहे। सुबह धूप निकलने के बाद भीगे धान को सुखाने का काम शुरू किया गया। धान की बड़ी मात्रा भीगने से नुकसान की आशंका है। कुरुक्षेत्र-पिहोवा और ढांड रोड पर गिरे पेड़ तेज आंधी के कारण जिले में कई जगह पेड़ गिर गए। कुरुक्षेत्र-पिहोवा रोड और कुरुक्षेत्र-ढांड रोड पर पेड़ गिरने से सड़क पर आवाजाही प्रभावित हुई। कुरुक्षेत्र शहर में गुरुद्वारा छठी पातशाही के पास भी बड़ा पेड़ गिर गया। सुबह पुलिस ने पेड़ का हटाने का काम शुरू किया। क्रेन की मदद से पेड़ को उठाकर पार्क में रख दिया। कुरुक्षेत्र यूनिवर्सिटी में भी बड़ा पेड़ गिर गया। आंधी के दौरान कई जगह पेड़ों की टहनियां टूटकर लटक गईं। रविवार सुबह कर्मचारियों ने सड़कों पर गिरे पेड़ों को हटाने का काम किया। जिन पेड़ों की टहनियां टूटकर लटक रही थीं, उनकी छंटाई की गई, ताकि सड़क से गुजरने वाले वाहनों को परेशानी न हो। नीचे गिरी टहनियों को लोग उठाकर ले गए। आंधी-बारिश में बिजली गुल, फॉल्ट ठीक कर रहे कर्मचारी शनिवार रात आई आंधी और बारिश के दौरान जिले के कई इलाकों में बिजली आपूर्ति प्रभावित हुई। कई जगह बिजली के पोल गिरने और लाइनों में फॉल्ट आने से बिजली बंद रही। रातभर बिजली गुल रहने से लोगों को परेशानी हुई। करीब 12 घंटे तक बिजली ठप होने पानी की सप्लाई भी नहीं हो पाई। रविवार सुबह बिजली निगम के कर्मचारियों ने शिकायतें मिलने के बाद फॉल्ट ठीक करने का काम शुरू किया। शहरी और ग्रामीण क्षेत्रों में बिजली लाइनों और फीडरों की जांच कर खराबियों को दूर किया जा रहा। सुबह 9 बजे के बाद काफी इलाकों में बिजली सप्लाई दोबारा शुरू हो गई।