Tuesday, 7 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

सीहोर में दिव्यांग का PM आवास निर्माण रोका:दबंगों पर जान से मारने की धमकी देने का आरोप, प्रशासन से मदद मांगी

INT News7 July 2026 at 02:56 pm

सीहोर में प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत स्वीकृत पक्का मकान बनवाना सीहोर जिले के एक दिव्यांग के लिए मुश्किल बन गया है। पीड़ित का आरोप है कि गांव के कुछ प्रभावशाली लोग उसकी जमीन पर निर्माण कार्य नहीं होने दे रहे हैं। विरोध करने पर उसे और उसके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जा रही हैं। न्याय की मांग को लेकर वह परिवार सहित जनसुनवाई में पहुंचा। मामला दोराहा तहसील के ग्राम पीपलखेड़ा का है। यहां के निवासी दिव्यांग सुखवेंद्र दांगी को प्रधानमंत्री आवास योजना के तहत पक्का मकान बनाने की स्वीकृति मिली है। उनका आरोप है कि गांव का एक प्रभावशाली परिवार निर्माण कार्य शुरू होते ही लाठी-डंडों के साथ पहुंच जाता है और काम बंद करा देता है। मजदूरों को धमकाकर भगा देते हैं सुखवेंद्र दांगी ने अतिरिक्त कलेक्टर को दिए आवेदन में बताया कि निर्माण कार्य में लगे मजदूरों को डराकर भगा दिया जाता है। विरोध करने पर उन्हें और उनके परिवार को जान से मारने की धमकियां दी जाती हैं। उनका कहना है कि इस वजह से वह अपने ही मकान का निर्माण नहीं करा पा रहे हैं। पीड़ित ने आवेदन में यह भी दावा किया है कि जिस परिवार पर आरोप लगाए गए हैं, उसके कुछ सदस्यों पर पहले से आपराधिक प्रकरण दर्ज हैं। इसी कारण उनका परिवार लगातार भय के माहौल में जी रहा है। सुरक्षा और कार्रवाई की मांग प्रताड़ना से परेशान होकर सुखवेंद्र दांगी परिवार के साथ कलेक्ट्रेट पहुंचे और अतिरिक्त कलेक्टर को आवेदन सौंपकर सुरक्षा की मांग की। उन्होंने आवास निर्माण में बाधा डालने वालों के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और शांतिपूर्वक मकान बनवाने के लिए प्रशासन से मदद मांगी। जिला प्रशासन ने आवेदन प्राप्त कर मामले की जांच के आदेश दिए हैं। स्थानीय पुलिस और राजस्व विभाग को शिकायत की जांच कर नियमानुसार कार्रवाई करने के निर्देश दिए गए हैं।