समाचार · मध्य प्रदेश
जंगली हाथी नर्मदा पार कर मंडला पहुंचा:वन विभाग अलर्ट पर, ग्रामीणों को सावधान रहने कराई जा रही मुनादी
मंडला में एक जंगली हाथी के आने से वन विभाग अलर्ट हो गया है। सिवनी के घंसौर से नर्मदा नदी पार कर यह अकेला हाथी मंडला के नारायणगंज क्षेत्र के चिरईडोंगरी और भावल के पास पहुंचा है। हाथी की खबर मिलते ही वन विभाग की टीम सक्रिय हो गई और उसकी जगह का पता लगाने में जुट गई। आसपास के गांवों में मुनादी कर ग्रामीणों को सावधान किया जा रहा है। टिकरिया वन परिक्षेत्र अधिकारी मयंक उपाध्याय के अनुसार, शुक्रवार रात गूजरसानी और सहजनी के आसपास खेतों व जंगल में हाथी के निशान मिले हैं। अभी हाथी के जंगल में होने का अनुमान है। वन विभाग उसकी सही जगह पता करने के लिए लगातार निगरानी कर रहा है। ग्रामीणों को सावधान रहने की सलाह हाथी की गतिविधियों को देखते हुए वन विभाग ग्रामीणों को सावधान रहने की सलाह दे रहा है। लोगों को जंगल-खेतों में जाते समय सतर्क रहने और हाथी के नजदीक न जाने को कहा जा रहा है। टीम उसकी गतिविधियों पर नजर रख रही है।