Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

36 घंटे,108 मीटर का कैनवास और मांडना में शिव बारात:उज्जैन में वर्ल्ड रिकॉर्ड की तैयारी; यूरोप में पढ़ाई कर रहे सिद्धार्थ उकेरेंगे

INT News24 October 2026 at 02:58 pm

उज्जैन में मालवा की लोककला मांडना को विश्व पटल पर पहचान दिलाने के लिए युवा सिद्धार्थ भागचंदानी शिप्रा नदी के रामघाट पर 108 मीटर लंबे और 5 फीट चौड़े कैनवास पर शिव बारात का मांडना बना रहे हैं। शनिवार सुबह करीब 9 बजे शुरू हुआ यह आयोजन लगातार 36 घंटे चलेगा। इसके जरिए विश्व की सबसे लंबी और बड़ी मांडना आर्ट गैलरी बनाने का प्रयास किया जा रहा है। इसे लिम्का बुक और गोल्डन बुक ऑफ वर्ल्ड रिकॉर्ड में दर्ज कराने की तैयारी है। सिद्धार्थ वरिष्ठ नाटक निर्देशक कुमार किशन और सुप्रसिद्ध नृत्यगुरु डॉ. पल्लवी किशन के पुत्र हैं। उन्होंने नेशनल इंस्टीट्यूट ऑफ डिजाइन से बी.डेस. और डंडी यूनिवर्सिटी, यूके से एमएससी इन डिजाइन की डिग्री हासिल की है। अब उनका चयन अमेरिका के हार्वर्ड बिजनेस स्कूल के डिजाइन थिंकिंग एंड इनोवेशन प्रोग्राम के लिए हुआ है। 36 घंटे लगातार मांडना बनाने की तैयारी सिद्धार्थ ने इस चुनौती के लिए एक सप्ताह तक अपने शरीर को तैयार किया है। वे बिना सोए लगातार 36 घंटे मांडना बनाएंगे। फिलहाल वे लिक्विड डाइट ले रहे हैं। सिद्धार्थ के मुताबिक, शिव बारात की कलाकृति शिवपुराण और रामचरितमानस के बालकांड से प्रेरित है। इसे बनाने में पेंट मार्कर और तीन लीटर रंग का इस्तेमाल किया जाएगा। आयोजन के बाद इस कलाकृति का उपयोग आर्ट फाउंडेशन के काम में किया जाएगा। दो दिन होंगे सांस्कृतिक कार्यक्रम रामघाट स्थित राणोजी की छत्री पर रविवार को वर्ल्ड रिकॉर्ड बनाने का प्रयास किया जाएगा। शनिवार और रविवार को मांडना निर्माण के साथ शहर के प्रतिष्ठित कलाकारों की गीत-नृत्य प्रस्तुतियां, सुंदरकांड पाठ, मलखंब प्रदर्शन और युवाओं को जोड़ने के लिए भजन जैमिंग का आयोजन भी होगा।