समाचार · मध्य प्रदेश
विसर्जन जुलूस में महिलाओं-बच्चियों पर फेंका लाल मिर्च मिला गुलाल:अशोकनगर में पुलिस से शिकायत; दो नाबालिग हिरासत में, तीसरे युवक की तलाश
अशोकनगर के रामपुरा मोहल्ले में माता की प्रतिमा विसर्जन के दौरान गुलाल में लाल मिर्च मिलाकर महिलाओं-पुरुषों और बच्चियों पर फेंकने का मामला सामने आया है। घटना 20 अक्टूबर की है, लेकिन इसका वीडियो शुक्रवार रात वायरल हुआ। इसके बाद कुशवाहा समाज के लोग कोतवाली थाने पहुंचे और कार्रवाई की मांग को लेकर आवेदन दिया। पुलिस ने वीडियो के आधार पर दो नाबालिगों को हिरासत में लेकर पूछताछ की है। पूछताछ में नाबालिगों ने पुलिस को बताया कि उनके मोहल्ले में माता की झांकी स्थापित की गई थी, उन्होंने भी उसमें सहयोग किया था। विसर्जन के लिए जाते समय वे गुलाल लेकर निकले थे। आरोप है कि रास्ते में कुशवाहा समाज के कुछ लड़कों ने उनका गुलाल छीनकर नाली में फेंक दिया। इसी बात से नाराज होकर दोनों ने गुलाल में मिर्च मिलाने की योजना बनाई। महिलाओं-बच्चियों पर उड़ाया मिर्च वाला गुलाल
इसके बाद एक दुकान पर पहुंचे और गुलाल का एक कट्टा व लाल मिर्च का पैकेट खरीदा। आरोप है कि मिर्च को गुलाल में मिलाकर विसर्जन जुलूस में डांस करते हुए चल रही महिलाओं और बच्चियों की ओर उड़ा दिया। इससे कुछ लोगों की आंखों में जलन होने लगी। उस समय लोग इसकी वजह नहीं समझ पाए। वायरल वीडियो में एक लड़का दूसरे को गुलाल में मिर्च मिलाने से रोकते हुए यह कहते सुनाई दे रहा है कि ऐसा करने से लड़ाई हो जाएगी। वहीं दूसरा लड़का उसकी बात नहीं मानता दिखाई दे रहा है। वीडियो में समाज के लोगों के लिए अपशब्द भी कहे गए हैं। पुलिस के मुताबिक, वीडियो किसी तीसरे व्यक्ति ने बनाया था, जिसकी तलाश की जा रही है। फिलहाल इस मामले में एफआईआर दर्ज कराने के लिए कोई शिकायतकर्ता सामने नहीं आया है।