Saturday, 24 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

national

सोनिया गांधी ने सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर किया डेब्यू, राजीव गांधी से पहली मुलाकात की सुनाई कहानी

INT News24 October 2026 at 02:55 pm

कांग्रेस संसदीय दल की अध्यक्ष सोनिया गांधी ने शनिवार, 24 अक्टूबर 2026 को सोशल मीडिया प्लेटफॉर्म एक्स पर डेब्यू किया. उन्होंने अपने पहले पोस्ट में एक वीडियो साझा किया, जिसमें पूर्व प्रधानमंत्री और अपने दिवंगत पति राजीव गांधी के साथ शुरुआती दिनों की यादें ताजा कीं. सोनिया गांधी ने बताया कि इंग्लैंड के कैम्ब्रिज स्थित एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में उनकी प्रेम कहानी शुरू हुई थी. उनकी आगामी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ 10 नवंबर को रिलीज होने वाली है.

कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में शुरू हुआ मेरा प्यार का सफर: सोनिया गांधी

सोनिया गांधी ने एक्स पर वीडियो के साथ लिखा, “कैम्ब्रिज के एक छोटे से ग्रीक रेस्तरां में मेरे प्यार का सफर शुरू हुआ. राजीव और मैंने प्यार, हंसी और यादों से भरी एक दुनिया बनाई. 10 नवंबर को मैं उस दुनिया को आपके साथ साझा करूंगी.”

वीडियो में सोनिया गांधी पुरानी तस्वीरों को देखते हुए राजीव गांधी से अपनी पहली मुलाकात के बारे में बताती नजर आती हैं. उन्होंने बताया कि उस समय इंग्लैंड में अपनी पसंद का खाना मिलना आसान नहीं था. वह इटैलियन खाने की तलाश में थीं. इसी दौरान उन्हें ‘वर्सिटी’ नाम का ग्रीक रेस्तरां मिला, जहां भारतीय और यूरोपीय छात्र खाना खाने आते थे.

सोनिया गांधी के मुताबिक, इसी रेस्तरां में एक म्यूचुअल फ्रेंड (दोनों के दोस्त) ने उनकी मुलाकात राजीव गांधी से कराई. उन्होंने कहा कि पहली मुलाकात में ही उन्हें लगा था कि वह राजीव के साथ अपनी जिंदगी बिताना चाहेंगी. बाद में उन्हें पता चला कि राजीव भी उनके बारे में ऐसा ही महसूस करते थे.

राजीव गांधी की किस बात ने सोनिया को प्रभावित किया?

सोनिया गांधी ने राजीव गांधी के व्यक्तित्व को याद करते हुए कहा कि वह बेहद आकर्षक होने के साथ-साथ सौम्य स्वभाव के भी थे. उनके मुताबिक, राजीव की यही सहजता और सौम्यता पहली मुलाकात में उन्हें खास तौर पर प्रभावित कर गई थी.

उन्होंने बताया कि मुलाकात के बाद दोनों दोस्त बने. वे दोस्तों के साथ पार्टियों में जाते, घूमते और साथ वक्त बिताते थे. उनकी प्रेम कहानी आगे बढ़ी और दोनों ने 25 फरवरी 1968 को शादी कर ली.

वीडियो में देखें सोनिया गांधी ने क्या कहा-

एक्स पर पोस्ट को मिले लाखों व्यूज

सोनिया गांधी के इस वीडियो को एक्स पर तेजी से प्रतिक्रियाएं मिलीं. पोस्ट के करीब तीन घंटे के भीतर इसे 7.5 लाख (750K) से अधिक व्यूज, 25 हजार लाइक्स, 6 हजार से अधिक रिपोस्ट और करीब 1 हजार कमेंट्स मिले.

ये भी पढ़ें: सोनिया गांधी ने इंस्टाग्राम पर किया डेब्यू, अपनी किताब ‘Belonging’ की पहली झलक दिखाई

22 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर भी किया था डेब्यू

सोनिया गांधी ने एक्स पर आने से पहले 22 अक्टूबर को इंस्टाग्राम पर भी अपना डेब्यू किया था. वहां उन्होंने अपनी आगामी किताब ‘Belonging: A Journey of Love’ की पहली झलक साझा की थी. इस किताब में सोनिया गांधी के बचपन, राजीव गांधी से उनके रिश्ते, भारत आने के अनुभव और जीवन में आए निजी उतार-चढ़ाव की यादें शामिल हैं. किताब 10 नवंबर को रिलीज होगी.