समाचार · उत्तर प्रदेश
यूपी के किसानों के पास मुफ्त 'रबी बीज मिनीकिट' पाने का अंतिम अवसर, ऐसे करें बुकिंग

UP Rabi Seed Subsidy 2026: रबी फसलों की बुवाई का समय नजदीक आते ही किसानों को बीज की व्यवस्था करने की चिंता सताने लगी है. ऐसे में उत्तर प्रदेश के किसानों के लिए कृषि विभाग ने रबी सत्र 2026-27 में निःशुल्क बीज मिनीकिट और अनुदान पर बीज प्राप्त करने के लिए बुकिंग की सुविधा शुरू की है. किसान चना, मटर, मसूर, राई-सरसों और अलसी के निःशुल्क मिनीकिट के लिए आवेदन कर सकते हैं. वहीं, गेहूं, जौ और राई-सरसों के उन्नतशील बीजों पर 50 प्रतिशत तक अनुदान का लाभ भी मिल सकता है. इसके लिए विभागीय पोर्टल पर ऑनलाइन बुकिंग करना अनिवार्य है.
चना-मटर समेत 5 फसलों के मिनीकिट मिलेंगे मुफ्त
कृषि विभाग के अनुसार, रबी सत्र 2026-27 में किसानों को पांच फसलों के कुल 7,35,052 निःशुल्क बीज मिनीकिट वितरित किए जाने हैं. इनमें चना के 84,506, मटर के 15,268, मसूर के 1,09,700, राई-सरसों के 4,95,578 और अलसी के 30,000 मिनीकिट शामिल हैं. किसान इन मिनीकिट को प्राप्त करने के लिए विभागीय पोर्टल पर बुकिंग कर सकते हैं.
दलहन के बीज पर 75 से 100 प्रतिशत तक अनुदान
दलहन की विशेष योजना के तहत 10 वर्ष से कम अवधि वाली मसूर की बीज किस्मों पर 100 प्रतिशत अनुदान दिया जा रहा है. वहीं, चना और मटर के बीज पर 75 प्रतिशत तक अनुदान उपलब्ध है. इसके अलावा, गेहूं, जौ और राई-सरसों की उन्नतशील प्रजातियों के बीज पर 50 प्रतिशत तक अनुदान का प्रावधान है. किसानों को यह ध्यान रखना होगा कि बुकिंग निर्धारित लक्ष्य की सीमा तक ही की जा सकेगी.
ऐसे करें निःशुल्क बीज मिनीकिट और अनुदानित बीज की बुकिंग
किसान घर बैठे कृषि विभाग की आधिकारिक वेबसाइट www.agriculture.up.gov.in पर जाकर बीज की बुकिंग कर सकते हैं. इसके लिए वेबसाइट पर उपलब्ध बुकिंग लिंक पर क्लिक करें. इसके बाद मौसम और फसल का चयन करें, किसान पंजीकरण संख्या दर्ज करें और मोबाइल पर प्राप्त ओटीपी भरें. फिर अपनी जरूरत के अनुसार फसल मिनीकिट या बीज का चयन करके सबमिट पर क्लिक करें. इसके बाद बुकिंग की प्रक्रिया पूरी हो जाएगी.
बुकिंग में परेशानी हो तो यहां करें संपर्क
जो किसान स्वयं ऑनलाइन बुकिंग नहीं कर सकते, वे नजदीकी कृषि विभाग कार्यालय, बीज भंडार, जन सेवा केंद्र या कृषि विभाग के क्षेत्रीय कर्मचारियों से संपर्क कर सकते हैं. योजना से संबंधित जानकारी और सहायता के लिए कृषि विभाग उत्तर प्रदेश के प्रसार शिक्षा एवं प्रशिक्षण ब्यूरो की हेल्पलाइन 0522-2317003 पर भी संपर्क किया जा सकता है. किसानों को सलाह दी गई है कि निर्धारित लक्ष्य समाप्त होने से पहले जल्द बुकिंग करें, ताकि वे निःशुल्क मिनीकिट और अनुदानित बीज का लाभ प्राप्त कर सकें.
Must Read: UP Electricity Update: अब पूर्वांचल से दक्षिणांचल तक WhatsApp पर मिलेंगे बिजली सेवाओं के अपडेट, UPPCL ने जारी किए क्षेत्रवार नंबर