समाचार · मध्य प्रदेश
इंदौर में नवविवाहिता की संदिग्ध मौत:मायके का आरोप- 15 लाख की मांग को लेकर कर रहे थे प्रताड़ित; शादी के 7 माह बाद उठाया कदम
इंदौर के मल्हारगंज थाना क्षेत्र में बड़े गणपति के पास शीतला माता मंदिर वाली गली में नवविवाहिता की संदिग्ध परिस्थितियों में मौत का मामला सामने आया है। मायके पक्ष ने ससुराल वालों पर 15 लाख रुपए दहेज मांगने और प्रताड़ित करने का आरोप लगाया है। मायके पक्ष का आरोप है कि प्रताड़ना के चलते शिवानी ने फांसी लगाई। घटना के बाद ससुराल पक्ष के लोग घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां चले गए। बड़ी बहन से फोन पर हुई थी बात मल्हारगंज पुलिस ने 27 वर्षीय शिवानी की मौत के मामले में मर्ग कायम कर जांच शुरू कर दी है। गुरुवार रात करीब 8 बजे शिवानी ने घर में फांसी लगा ली। इसके बाद पति लोकेश मौर्य ने कम्पेल स्थित अपने ससुराल में घटना की सूचना दी। बताया जाता है कि दोपहर में शिवानी की बड़ी बहन से फोन पर बात हुई थी। इस दौरान उसने सास अनिता और पति से विवाद होने की बात कही थी। 3 फरवरी को हुई थी शादी, दो महीने बाद विवाद शिवानी और लोकेश की शादी 3 फरवरी 2026 को हुई थी। परिजनों के मुताबिक, शादी के करीब दो महीने बाद से ही दहेज को लेकर कहासुनी और विवाद की स्थिति बनी हुई थी। रिश्तेदारों ने समझाइश देकर उस समय मामला शांत कराया था। परिजनों का आरोप है कि ससुराल वाले 15 लाख रुपए की मांग कर रहे थे। कार खरीदने के लिए एक बार 5 लाख रुपए मांगे गए थे, जिसमें से 2 लाख रुपए दिए भी गए थे। इसके बाद भी और रुपए की मांग की जा रही थी। विवाद के बाद पति, सास-ससुर रिश्तेदारों के घर गए शिवानी की मौत के बाद मायके पक्ष के लोगों ने विवाद किया। इसके बाद पति लोकेश, सास अनिता और ससुर मनोहर घर छोड़कर रिश्तेदारों के यहां चले गए। फिलहाल पुलिस पूरे मामले की जांच कर रही है।