समाचार · मध्य प्रदेश
टीकमगढ़ में स्कूल-मुक्तिधाम सड़क के लिए ग्रामीणों का प्रदर्शन:कीचड़ से परेशान होकर जनपद सीईओ को सौंपा ज्ञापन, निर्माण की मांग
टीकमगढ़ जिले की पलेरा जनपद पंचायत की ग्राम पंचायत गडारी में स्कूल और मुक्तिधाम तक पक्की सड़क नहीं बनी है। शुक्रवार को गांव के लोगों ने समाजवादी पार्टी के पिछड़ा वर्ग जिला अध्यक्ष रामकुमार यादव के साथ मिलकर रैली निकाली और प्रदर्शन किया। उन्होंने तहसील और जनपद कार्यालय पहुंचकर अपनी शिकायत दर्ज कराई। ग्रामीणों ने सड़क बनाने की मांग को लेकर जनपद सीईओ पलेरा अरविंद बोरकर को ज्ञापन भी सौंपा। इस दौरान उन्होंने समस्या के जल्द समाधान की मांग की। ग्रामीणों के मुताबिक, गडारी गांव के श्मशान घाट से मुख्य मार्ग तक पक्की सड़क न होने से आने-जाने में परेशानी होती है। बारिश के दौरान यह रास्ता कीचड़ और दलदल बन जाता है। इससे ग्रामीणों को काफी दिक्कतें झेलनी पड़ती हैं। इस रास्ते से गुजरने वाले स्कूली बच्चे सबसे ज्यादा परेशान हैं। बच्चों को रोज कीचड़ भरे रास्ते से होकर स्कूल जाना पड़ता है। ग्रामीणों का कहना है कि वे लंबे समय से सड़क बनाने की मांग कर रहे हैं, लेकिन अब तक इस समस्या का कोई स्थायी हल नहीं निकला है। ग्रामीणों ने जनपद सीईओ पलेरा और तहसीलदार पलेरा को ज्ञापन सौंपते हुए जिला प्रशासन से मांग की है। उन्होंने कहा कि लोगों की भलाई को देखते हुए श्मशान घाट से मुख्य मार्ग तक जल्द पक्की सड़क बनाई जाए। इससे बारिश के मौसम में होने वाली परेशानी से ग्रामीणों और विद्यार्थियों को राहत मिल सकेगी। ज्ञापन सौंपते समय रामकुमार यादव ने कहा कि सड़क न होने के कारण ग्रामीणों को लंबे समय से परेशानी उठानी पड़ रही है। बारिश में रास्ते की हालत बहुत खराब हो जाती है। प्रशासन को जल्द सड़क का निर्माण कराना चाहिए। उन्होंने बताया कि कीचड़ और दलदल के कारण आना-जाना मुश्किल हो जाता है। सड़क बनने से ग्रामीणों को बड़ी राहत मिलेगी। ग्रामीणों की शिकायत पर पलेरा जनपद सीईओ अरविंद बोरकर ने कहा कि इंजीनियर को भेजकर रास्ते का निरीक्षण कराया जाएगा। इसके बाद सड़क निर्माण के लिए आगे की प्रक्रिया शुरू की जाएगी।