समाचार · बिहार
सहरसा-पूर्णिया कोर्ट रेलखंड पर ROB निर्माण को हरी झंडी: 12 से 27 सितंबर तक मेगा ब्लॉक; जानकी व पाटलिपुत्र एक्सप्रेस का समय बदला

सहरसा. सहरसा-पूर्णिया कोर्ट रेलखंड पर मधेपुरा और बैजनाथपुर स्टेशनों के बीच समपार संख्या 95 बी पर रोड ओवर ब्रिज (आरओबी) निर्माण को रेलवे ने मंजूरी दे दी है. राष्ट्रीय राजमार्ग प्राधिकरण (एनएचएआई) की ओर से पीएम गति शक्ति राष्ट्रीय मास्टर प्लान के तहत प्रस्तावित इस आरओबी के निर्माण से सड़क और रेल यातायात को सुगम बनाने में मदद मिलेगी. निर्माण कार्य के दौरान गार्डर लॉन्चिंग समेत अन्य तकनीकी कार्यों के लिए रेलवे ट्रैफिक और पावर ब्लॉक लेगा. इसके चलते निर्धारित तिथियों पर ट्रेनों का परिचालन नियंत्रित और पुनर्निर्धारित रहेगा.
12 से 27 सितंबर के बीच सात दिन लिया जाएगा ब्लॉक
आरओबी निर्माण के लिए मधेपुरा-बैजनाथपुर रेलखंड पर 12, 13, 15, 17, 20, 26 और 27 सितंबर को ब्लॉक लिया जाएगा. यह ब्लॉक गाड़ी संख्या 75261 सहरसा-पूर्णिया कोर्ट पैसेंजर के गुजरने के बाद प्रभावी होगा.12, 13, 15, 17, 20 और 27 सितंबर को सुबह 8:20 बजे से दोपहर 12:20 बजे तक चार घंटे का ब्लॉक रहेगा. वहीं 26 सितंबर को सुबह 8:20 बजे से पूर्वाह्न 11:20 बजे तक तीन घंटे का ब्लॉक निर्धारित है.
सहरसा-पूर्णिया पैसेंजर 90 मिनट होगी पुनर्निर्धारित
गाड़ी संख्या 55570 सहरसा-पूर्णिया पैसेंजर को 12, 13, 15, 17, 20 और 27 सितंबर को सहरसा जंक्शन से निर्धारित समय से 90 मिनट पुनर्निर्धारित कर चलाया जाएगा. 26 सितंबर को इस ट्रेन को सहरसा और बैजनाथपुर स्टेशनों के बीच 40 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा.
जानकी एक्सप्रेस भी एक घंटे नियंत्रित रहेगी
गाड़ी संख्या 15284 जयनगर-मनिहारी जानकी एक्सप्रेस को 12, 13, 15, 17, 20 और 27 सितंबर को सिमरी बख्तियारपुर और सहरसा जंक्शन के बीच 60 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा.
पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल के समय में भी बदलाव
गाड़ी संख्या 03215 पूर्णिया कोर्ट-पाटलिपुत्र स्पेशल एक्सप्रेस को 12, 15 और 27 सितंबर को पूर्णिया कोर्ट स्टेशन से निर्धारित समय से 90 मिनट पुनर्निर्धारित कर रवाना किया जाएगा. 26 सितंबर को इस ट्रेन को बनमनखी जंक्शन और दौरम मधेपुरा के बीच 40 मिनट नियंत्रित कर चलाया जाएगा.
इसके अलावा ब्लॉक अवधि के दौरान अन्य मेल-एक्सप्रेस और मालगाड़ियों का परिचालन भी आवश्यकतानुसार नियंत्रित किया जाएगा.
समपार फाटक बंद रहने की समस्या से मिलेगी राहत
मधेपुरा-बैजनाथपुर के बीच समपार संख्या 95 बी पर आरओबी बनने के बाद ट्रेनों के आवागमन के दौरान फाटक बंद रहने से लगने वाले जाम की समस्या से लोगों को स्थायी राहत मिलने की उम्मीद है. लेवल क्रॉसिंग समाप्त होने से सड़क और रेल यातायात की सुरक्षा भी बेहतर होगी.
एंबुलेंस और स्कूली वाहनों को भी मिलेगा लाभ
आरओबी चालू होने के बाद कोसी और सीमांचल क्षेत्र के लोगों के साथ एंबुलेंस, फायर ब्रिगेड और स्कूली वाहनों को भी निर्बाध आवागमन की सुविधा मिलने की उम्मीद है. इससे समय और ईंधन की बचत के साथ क्षेत्रीय व्यापार और आर्थिक गतिविधियों को भी गति मिलने की संभावना है.
Also Read: दिवाली-छठ पर बिहार आने की टेंशन खत्म, 4 राज्यों के लिए चलेंगी 149 बसें, जानिए कब से मिलेगी सुविधा