समाचार · मध्य प्रदेश
बैंक कर्मचारियों की एक दिवसीय हड़ताल:पांच दिवसीय बैंकिंग हफ्ते और PLI में समानता की मांग; जिले में सेवाएं भी ठप
नरसिंहपुर जिले में शुक्रवार को यूनाइटेड फोरम ऑफ बैंक एम्प्लाइज (UFBU) के आह्वान पर सभी बैंक बंद रहे। एक दिवसीय हड़ताल के कारण बैंकिंग सेवाएं ठप रहीं। इससे ग्राहकों के साथ व्यापारियों को भी परेशानी हुई। कई ग्राहक बैंक पहुंचे, लेकिन शाखाओं पर ताले लगे देखकर वापस लौट गए। SBI मुख्य शाखा के बाहर प्रदर्शन हड़ताल के दौरान UFBU के सभी सात घटक संगठनों के अधिकारी और कर्मचारियों ने स्थानीय SBI की मुख्य शाखा के बाहर प्रदर्शन किया। कर्मचारियों ने पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह लागू करने, प्रदर्शन आधारित प्रोत्साहन (PLI) में असमानता दूर करने सहित पांच सूत्रीय मांगों को लेकर नारे लगाए। लंबे समय से चल रही मांग इंडियन बैंक के असिस्टेंट मैनेजर शिव मोहन मिश्रा ने बताया कि UFBU बैंक कर्मचारियों की सभी यूनियनों का मुख्य संगठन है। पांच दिवसीय बैंकिंग सप्ताह और PLI में समानता जैसी मांगों को लेकर सरकार और संबंधित विभागों से लंबे समय से बातचीत चल रही है। उन्होंने कहा कि पहले इन मांगों को जल्द लागू करने का भरोसा भी दिया गया था। पिछले बाइपार्टाइट समझौते पर हस्ताक्षर होने के बाद भी अब तक मांगों का समाधान नहीं हुआ है। मांगें पूरी नहीं होने के कारण कर्मचारियों को आंदोलन का रास्ता अपनाना पड़ रहा है। 26 सितंबर से फिर हड़ताल की चेतावनी मिश्रा ने चेतावनी दी कि यदि सरकार, वित्त मंत्रालय और DFS की ओर से मांगों पर सकारात्मक फैसला नहीं लिया गया तो 26 सितंबर से तीन दिवसीय हड़ताल की जाएगी। इसके बाद भी मांगें नहीं मानी गईं तो बैंक कर्मचारी अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का निर्णय ले सकते हैं।