Friday, 11 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

उज्जैन में युवक का शव पलंग पर मिला:पास में सो रही थी 2 साल की बेटी, पत्नी नाइट ड्यूटी पर थी

INT News11 September 2026 at 02:53 pm

उज्जैन के खंडेलवाल नगर में शुक्रवार सुबह 32 वर्षीय युवक का शव घर में पलंग पर मिला। उस समय उसकी दो साल की बेटी भी उसी पलंग पर पिता के पास सो रही थी। मृतक की पहचान शुभम पिता जुगलकिशोर निगम (32) के रूप में हुई है। वह फाइनेंस का काम करते थे। शुभम की पत्नी मुस्कान एक निजी अस्पताल में नर्स हैं। वह गुरुवार रात नाइट ड्यूटी पर गई थीं। शुक्रवार सुबह मुस्कान ने शुभम को कई बार फोन किया, लेकिन कॉल रिसीव नहीं हुआ। इसके बाद उन्हें अनहोनी की आशंका हुई और उन्होंने पास में रहने वाले रिश्तेदार भूपेंद्र को घर जाकर देखने के लिए कहा। कमरे में ठंडा पड़ा था शव, बेटी सोती मिली भूपेंद्र जब घर पहुंचे तो कमरे का दरवाजा खुला हुआ था। शुभम पलंग पर पड़े थे। उन्होंने शुभम को जगाने की कोशिश की, लेकिन उनका शरीर ठंडा पड़ चुका था और कोई हरकत नहीं हो रही थी। उसी पलंग पर उनकी दो साल की बेटी अनिका सो रही थी। हार्ट अटैक की आशंका, मर्ग कायम सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए चरक अस्पताल भेजा। चिमनगंज थाना प्रभारी विवेक कनोडिया के अनुसार, शुरुआती तौर पर मामला हार्ट अटैक का प्रतीत हो रहा है। हालांकि, मौत की सही वजह पोस्टमार्टम रिपोर्ट आने के बाद ही पता चलेगी। पुलिस ने फिलहाल मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है।