समाचार · हरियाणा
रतिया थाने के बाहर पंजाब के ग्रामीणों का धरना:ढाई महीने पहले हुआ मर्डर, आरोपियों की गिरफ्तारी न होने से नाराज
फतेहाबाद जिले के रतिया क्षेत्र के गांव हुक्मावाली में करीब ढाई महीने पहले पंजाब के मानसा जिले के गांव लालियांवाली निवासी परमजीत सिंह की पर पीट-पीटकर हत्या मामले में पुलिस द्वारा अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार न किए जाने से नाराज ग्रामीणों में गुस्सा बढ़ गया है। इसी के विरोध में शुक्रवार को पंजाब से आए ग्रामीणों और मृतक के परिजनों ने रतिया सदर थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया। धरने पर बैठे लोगों का आरोप है कि परमजीत सिंह गांव हुक्मावाली में जमीन विवाद सुलझाने गए थे। इसी दौरान गांव हुक्मावाली के पांच लोगों ने उन पर डंडों और लोहे की रॉड से हमला कर दिया। इस हमले में परमजीत सिंह की मौत हो गई। वहीं, दो अन्य लोग गंभीर रूप से घायल हो गए थे। परिजन बोले- ढाई महीने बाद भी आरोपियों की गिरफ्तारी नहीं पुलिस ने मृतक के बेटे हरजीत सिंह की शिकायत पर केस दर्ज कर जांच शुरू की थी। परिजनों और ग्रामीणों का आरोप है कि घटना को करीब ढाई महीने हो गए हैं। इसके बावजूद पुलिस ने अभी तक किसी भी आरोपी को गिरफ्तार नहीं किया है। इससे नाराज होकर उन्होंने थाने के बाहर धरना शुरू कर दिया। पंजाब से आए ग्रामीणों ने कहा कि जब तक हत्या के नामजद आरोपियों को गिरफ्तार नहीं किया जाता, तब तक उनका धरना जारी रहेगा। उन्होंने पुलिस से मामले में जल्द कार्रवाई कर आरोपियों को गिरफ्तार करने की मांग की है। धरने की सूचना मिलने के बाद पुलिस अधिकारी मौके पर पहुंचे। उन्होंने प्रदर्शनकारियों से बातचीत शुरू की है। पुलिस और धरने पर बैठे लोगों के बीच बातचीत जारी है। प्रदर्शनकारियों की मुख्य मांग आरोपियों की जल्द गिरफ्तारी है। पुलिस मामले की जांच कर रही है।