Sunday, 25 October 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

होमगार्ड जवान ने फर्जी IPS बन ढाबे मालिक को धमकाया:CCTV फुटेज से खुला राज, पुलिस ने वर्दी बरामद कर आरोपी को गिरफ्तार किया

INT News25 October 2026 at 12:30 pm

पंजाब के खन्ना जिले के दोराहा में पुलिस महकमे के एक होमगार्ड जवान ने फर्जी IPS अधिकारी बनकर ढाबा मालिक और कर्मचारियों को धमकाया व मारपीट की। आरोपी जवान बुलेट मोटरसाइकिल पर IPS अधिकारी की वर्दी पहनकर जीटी रोड स्थित 3 जे ढाबे पर पहुंचा और रात में ढाबा खुला रखने को लेकर हंगामा शुरू कर दिया। घटना के बाद मौके पर लोगों की भीड़ जुटती देख आरोपी वहां से खिसक गया। सूचना मिलने पर एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने मामले को गंभीरता से लेते हुए तुरंत जांच के आदेश दिए। पुलिस ने ढाबे में लगे सीसीटीवी (CCTV) कैमरों की फुटेज खंगाली, जिससे आरोपी का सच उजागर हो गया। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए आरोपी जवान को गिरफ्तार कर लिया और उसके पास से IPS की वर्दी भी बरामद कर ली है। दोराहा थाना पुलिस ने आरोपी के खिलाफ विभिन्न धाराओं में मामला दर्ज कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी है। फर्जी आईपीएस बनकर रौब जमाता था होमगार्ड जवान खन्ना पुलिस की जांच में आरोपी की पहचान अमरजीत सिंह के रूप में हुई है, जो गांव चोमो का रहने वाला है। अमरजीत सिंह पंजाब होमगार्ड में बतौर जवान तैनात है। पहले उसकी ड्यूटी जेल गार्द में लगी हुई थी, लेकिन करीब 20 दिन पहले ही उसका तबादला सरकारी रेलवे पुलिस (GRP) में हुआ था और वह दोराहा रेलवे पुलिस चौकी में तैनात किया गया था। आरोपी ने फर्जी तरीके से आईपीएस अधिकारी की वर्दी सिलवा रखी थी। वह अक्सर यह वर्दी पहनकर इलाके में घूमता था और आम लोगों व दुकानदारों पर खाकी का रौब जमाकर डराता-धमकाता था। ढाबा खोलने को लेकर कर्मचारियों से की मारपीट घटना की रात आरोपी अमरजीत सिंह अपनी बुलेट मोटरसाइकिल पर सवार होकर आईपीएस की वर्दी में जीटी रोड पर स्थित '3 जे ढाबे' पर पहुंचा। ढाबे पर पहुंचते ही उसने अधिकारियों वाले तेवर दिखाते हुए कर्मचारियों को धमकाना शुरू कर दिया। उसने कर्मचारियों से कड़ाई से सवाल किया कि इतनी देर रात तक ढाबा किस नियम के तहत खुला रखा गया है। जब कर्मचारियों ने अपनी बात रखनी चाही तो आरोपी भड़क गया और बहसबाजी करने लगा। देखते ही देखते विवाद इतना बढ़ गया कि आरोपी ने दबंगई दिखाते हुए ढाबा कर्मचारियों के साथ गाली-गलौज और मारपीट शुरू कर दी। सीसीटीवी फुटेज से हुआ फर्जीवाड़े का खुलासा ढाबे पर अचानक हुए इस हंगामे और मारपीट की आवाज सुनकर आसपास के लोग और अन्य वाहन चालक मौके पर जमा हुए। खुद को घिरता देख और पुलिस कार्रवाई के डर से आरोपी होमगार्ड जवान अपनी बुलेट मोटरसाइकिल उठाकर तुरंत मौके से फरार हो गया। ढाबा प्रबंधन ने मामले की जानकारी खन्ना पुलिस को दी। जिले की एसएसपी डॉ. दर्पण आहलूवालिया ने घटना का कड़ा संज्ञान लेते हुए दोराहा थाना पुलिस को आरोपी को जल्द से जल्द दबोचने के सख्त निर्देश जारी किए। पुलिस टीम ने ढाबे पर लगे सीसीटीवी कैमरों की फुटेज की बारीकी से जांच की। फुटेज में बुलेट सवार आईपीएस की वर्दी पहने शख्स की तस्वीरें साफ नजर आईं, जिसके आधार पर उसकी पहचान होमगार्ड जवान अमरजीत सिंह के रूप में हुई। पहचान पक्की होते ही पुलिस ने संभावित ठिकानों पर छापेमारी कर आरोपी को गिरफ्तार कर लिया। तलाशी के दौरान उसके कब्जे से पुलिस ने आईपीएस की नकली वर्दी भी जब्त की है। पुलिस अब यह भी पता लगा रही है कि उसने यह वर्दी कहां से तैयार करवाई थी और क्या वह पहले भी इस तरह की वारदातों में शामिल रहा है।