Sunday, 20 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

अरेस्ट हुए बदमाशों ने हथकड़ी पहनकर बनाई रील:मेडिकल से जेल तक बनाया वीडियो, बैकग्राउंड म्यूजिक लगाकर सोशल मीडिया पर अपलोड

INT News20 September 2026 at 01:42 pm

जबलपुर में सोशल मीडिया पर हथियारों के साथ स्टंट वीडियो बनाकर डर फैलाने के आरोप में गिरफ्तार दो आरोपियों दानिश अली और आसिफ पठान का हथकड़ी पहने हुए वीडियो वायरल हुआ है। गोहलपुर पुलिस ने दोनों को गिरफ्तार किया था। कस्टडी के दौरान इनके किसी साथी ने दोनों का वीडियो बनाया और उसे सोशल मीडिया पर रील के रूप में अपलोड कर दिया। मेडिकल से कोर्ट और जेल तक रिकॉर्डिंग आरोपियों को मेडिकल परीक्षण कराने से लेकर कोर्ट में पेशी और फिर जेल ले जाने तक के पूरे घटनाक्रम की वीडियो रिकॉर्डिंग की गई। इसके बाद बैकग्राउंड म्यूजिक के साथ रील बनाकर इसे सोशल मीडिया पर वायरल कर दिया गया। वीडियो में दोनों आरोपी हथकड़ी पहने हुए चलते नजर आ रहे हैं। जेल जाने की प्रक्रिया को दिखाया शो-ऑफ वीडियो में आरोपी जेल जाने की प्रक्रिया को रुतबे और ‘शो-ऑफ’ की तरह पेश करते नजर आ रहे हैं। इससे युवाओं में अपराध को लेकर गलत संदेश जाने की बात सामने आई है। वीडियो में आरोपियों के साथ पुलिसकर्मी भी पैदल चलते दिखाई दे रहे हैं। कस्टडी में वीडियो बनने पर उठे सवाल पुलिस कस्टडी के दौरान किसी अज्ञात व्यक्ति ने बिना रोक-टोक वीडियो कैसे बनाया और आरोपियों के जेल जाने के बाद उसे इंटरनेट पर कैसे अपलोड किया गया, इसे लेकर पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल उठ रहे हैं। मामला सामने आने के बाद पुलिस के वरिष्ठ अधिकारियों ने इसका संज्ञान लिया है। वीडियो बनाने और शेयर करने वालों की पहचान जारी अधिकारियों के मुताबिक, वीडियो बनाने वाले अज्ञात व्यक्ति और इसे सोशल मीडिया पर शेयर करने वालों की पहचान की जा रही है। पुलिस ने कहा है कि सोशल मीडिया पर अपराध से जुड़े स्टंट वीडियो बनाने वालों के खिलाफ कानूनी कार्रवाई की जाएगी। कस्टडी के दौरान सतर्कता बरतने के लिए पुलिसकर्मियों को भी निर्देश दिए गए हैं।