समाचार · हरियाणा
नारनौल में विनोद सोनी बने व्यापार मंडल के शहरी प्रधान:UPI पर MDR का विरोध; व्यापारियों ने पुलिस से मांगा भयमुक्त माहौल
हरियाणा व्यापार मंडल की जिला कार्यकारिणी की ओर से नारनौल की नई शहरी कार्यकारिणी का गठन किया गया। कार्यक्रम में सर्वसम्मति से विनोद सोनी को नारनौल का शहरी प्रधान नियुक्त किया गया। इस दौरान जिला कार्यकारिणी के पदाधिकारियों ने नई टीम को बधाई दी और व्यापारियों की समस्याओं को लेकर मिलकर काम करने का आह्वान किया। इस मौके पर डीएसपी भारत भूषण मुख्य अतिथि रहे। जिला पदाधिकारियों ने कहा कि विनोद सोनी के नेतृत्व में गठित नई टीम में युवाओं और अनुभवी व्यापारियों का समन्वय रहेगा। उन्होंने नई कार्यकारिणी से व्यापारियों की समस्याओं को प्रमुखता से उठाने और उनके समाधान के लिए प्रयास करने की बात कही। UPI पर MDR का विरोध कार्यक्रम में व्यापार मंडल ने UPI लेनदेन पर MDR (मर्चेंट डिस्काउंट रेट) लगाए जाने की चर्चा का विरोध किया। पदाधिकारियों ने कहा कि इससे छोटे व्यापारियों पर अतिरिक्त आर्थिक बोझ पड़ सकता है। कई विषयों पर हुई चर्चा संगठन को मजबूत करने के लिए व्यापारियों से नियमित मासिक सहयोग राशि लेने, व्यापारिक सम्मेलन आयोजित करने और दुकानों से संबंधित प्रमाण-पत्र जैसी व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। पुलिस से भयमुक्त माहौल की मांग व्यापार मंडल पदाधिकारियों ने पुलिस और व्यापारियों के बीच बेहतर समन्वय पर जोर दिया। उन्होंने पुलिस से मांग की कि थाने में समस्या लेकर पहुंचने वाले व्यापारियों को भयमुक्त माहौल मिले। साथ ही धमकी, फिरौती या अन्य असामाजिक गतिविधियों की शिकायत पर त्वरित कार्रवाई की जाए। ये रहे मौजूद कार्यक्रम में व्यापार मंडल के जिला संरक्षक गोविन्द भारद्वाज, जिला अध्यक्ष संदीप नूनीवाल, नरेन्द्र झमरिया, राजकुमार राता, गुरमेल सिंह, जिला वरिष्ठ उपाध्यक्ष सीताराम सर्राफ, सुरजीत सिंह अरोड़ा, जगमोहन गर्ग, आचार्य बजरंग शास्त्री, मनीष शास्त्री और मंच संचालक मुकेश जैन मौजूद रहे।