Sunday, 20 September 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

भोपाल में चलती बाइक पर युवक की गोली मारकर हत्या:दोस्त ने सिर से सटाकर चलाई पिस्टल, 15 दिन पहले महिला को लेकर हुआ था विवाद

INT News20 September 2026 at 02:43 pm

भोपाल के निशातपुरा थाना क्षेत्र की हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी में रविवार सुबह दिनदहाड़े चलती बाइक पर युवक की उसके ही दोस्त ने गोली मारकर हत्या कर दी। आरोपी पीछे बैठा था और उसने पिस्टल निकालकर बाइक के बीच में बैठे दोस्त के सिर में सटाकर गोली चला दी। गोली लगते ही बाइक अनियंत्रित होकर गिर गई और 21 वर्षीय इखलास ताशी की मौके पर ही मौत हो गई। वारदात की वजह 15 दिन पुराना विवाद बताया जा रहा है। इस दौरान दोनों के बीच एक महिला को लेकर मारपीट हुई थी, जिसमें ताशी का हाथ फ्रैक्चर हो गया था। पुलिस ने हत्या का केस दर्ज कर आरोपी अलीम उर्फ अल्लू की तलाश शुरू कर दी है। पुलिस के मुताबिक, हाउसिंग बोर्ड कॉलोनी निवासी इखलास ताशी पेंटरी का काम करता था। रविवार सुबह वह अपने दोस्त अलीम उर्फ अल्लू और एक अन्य युवक के साथ बाइक से मछली पकड़ने जा रहे थे। बाइक तीसरा साथी चला रहा था, जबकि ताशी बीच में और अलीम पीछे बैठा था। रास्ते में अचानक अलीम ने अपने पास रखी पिस्टल निकाली और ताशी के सिर में सटाकर गोली मार दी। गोली चलने के बाद तीनों बाइक समेत सड़क पर गिर गए। गंभीर रूप से घायल ताशी की मौके पर ही मौत हो गई। पिस्टल दिखाकर साथी को जबरन साथ ले गया आरोपी हत्या के बाद अलीम ने बाइक चला रहे युवक को भी पिस्टल दिखाकर धमकाया। आरोपी उसे अपने साथ बाइक पर बैठाकर सिंधी कॉलोनी तक ले गया। वहां पहुंचने के बाद वह फरार हो गया। आरोपी के चंगुल से निकलने के बाद युवक वापस घटनास्थल पर पहुंचा और पुलिस को सूचना दी। सूचना मिलते ही निशातपुरा थाना पुलिस के साथ वरिष्ठ अधिकारी मौके पर पहुंचे। पुलिस ने घटनास्थल की जांच के बाद शव बरामद कर पोस्टमार्टम के लिए हमीदिया अस्पताल की मर्चुरी भेजा। पुलिस आरोपी की तलाश में संभावित ठिकानों पर दबिश दे रही है। 15 दिन पहले महिला को लेकर हुआ था विवाद पुलिस की शुरुआती जांच में सामने आया है कि करीब 15 दिन पहले ताशी और अलीम के बीच एक महिला को लेकर विवाद हुआ था। दोनों के बीच जमकर मारपीट हुई थी। इस मारपीट में ताशी का एक हाथ फ्रैक्चर हो गया था। बाद में दोनों ने आपसी समझाइश से विवाद खत्म कर लिया था और पुलिस में शिकायत नहीं की थी। पुलिस को आशंका है कि समझौते के बावजूद अलीम के मन में विवाद की रंजिश बनी रही। इसी रंजिश के चलते उसने मौका देखकर ताशी की हत्या कर दी। पुलिस आरोपी के पकड़े जाने के बाद हत्या की वजह, पिस्टल के स्रोत और वारदात की पूरी कड़ी को लेकर पूछताछ करेगी।