समाचार · मध्य प्रदेश
ज्वेलरी शॉप से 120 ग्राम सोना-15 किलो चांदी चोरी:CCTV में तिजोरी घसीटते दिखे चोर; पुलिस जांच जारी
दमोह जिले के पटेरा थाना क्षेत्र में शनिवार-रविवार रात ज्वेलरी शॉप में चोरी हो गई। चोर दुकान का शटर तोड़कर अंदर घुसे, तिजोरी नहीं खोल पाने पर वे उसे बाहर खींचकर लाए। हालांकि बाहर भी तिजोरी नहीं तोड़ पाने पर वे उसे वहीं छोड़कर फरार हो गए। दुकानदार जितेंद्र साहू के मुताबिक, चोर दुकान के काउंटर से करीब 120 ग्राम सोना, 15 किलो चांदी और ₹80 हजार नकद ले गए। सीसीटीवी में तिजोरी घसीटते दिखे चोर जितेंद्र साहू की ज्वेलरी शॉप हटा रोड पर है। उनके मुताबिक, शनिवार-रविवार रात करीब 1 से 3 बजे के बीच चोरों ने दुकान के शटर के ताले तोड़े और अंदर घुसे। पूरी घटना दुकान में लगे सीसीटीवी कैमरे में रिकॉर्ड हुई है। फुटेज में कुछ संदिग्ध लोग दिखाई दे रहे हैं। सुबह स्थानीय लोगों ने दुकान का शटर खुला और तिजोरी बाहर देखी। उन्होंने इसकी जानकारी जितेंद्र साहू को दी। इसके बाद दुकानदार ने पटेरा पुलिस को सूचना दी। पुलिस और डॉग स्क्वॉड ने जांच की सूचना मिलते ही पुलिस और डॉग स्क्वॉड की टीम मौके पर पहुंची। पटेरा थाना प्रभारी रचना मिश्रा ने बताया कि वारदात शनिवार-रविवार रात 1 से 3 बजे के बीच हुई। उन्होंने बताया कि सीसीटीवी फुटेज के आधार पर संदिग्धों की तलाश की जा रही है। जांच में साइबर सेल की मदद भी ली जा रही है।