Friday, 6 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · झारखंड

हादसा देखने निकले लोगों के लिए काल बनकर आया 18 चक्का ट्रक, एक ही परिवार के 7 लोगों की मौत

INT News6 November 2026 at 01:44 am

कर्रा. खूंटी जिले के कर्रा थाना क्षेत्र में कर्रा-तोरपा मुख्य सड़क पर गुरुवार की रात भीषण सड़क हादसे में एक ही परिवार के सात लोगों की मौत हो गयी. तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार अनियंत्रित 18 चक्का ट्रक (जेएच 02 एजे 1377) सड़क पर मौजूद लोगों को रौंदते हुए पुलिया तोड़कर गड्ढे में जा गिरा. हादसा रात करीब 9.30 बजे जोने-लुदरू मोड़ के पास हुआ. मृतकों में 11 माह का बच्चा सौरभ नायक भी शामिल है. हादसे में कई लोग गंभीर रूप से घायल हुए हैं. घटना के बाद पूरे इलाके में मातम छा गया.

मृतकों में 11 माह का बच्चा और 19 वर्षीय युवती भी

हादसे में जान गंवाने वालों की पहचान जयंती देवी, मानहु देवी, गोलू, तूती कुमारी, अंजलि कुमारी (19), पाको देवी (65) और 11 माह के सौरभ नायक के रूप में हुई है. सौरभ के पिता का नाम अजीत नायक है. अंजलि कुमारी के पति भी अजीत नायक बताये गये हैं.

आवाज सुनकर सड़क पर निकले थे लोग, ट्रक ने रौंदा

बताया गया कि किसी दुर्घटना की आवाज सुनकर जोने-लुदरू मोड़ के पास स्थित कॉलोनी के लोग घटनास्थल देखने के लिए सड़क पर निकले थे. इसी दौरान तोरपा की ओर से आ रहा तेज रफ्तार ट्रक अनियंत्रित हो गया और सड़क पर मौजूद लोगों को अपनी चपेट में ले लिया. लोगों को रौंदने के बाद ट्रक पुलिया तोड़ते हुए गड्ढे में जा गिरा. हादसे के बाद ट्रक चालक और खलासी मौके से फरार हो गये.

यह भी पढ़ें: सीएम हेमंत सोरेन से मिले कांग्रेस प्रभारी के राजू, विकास योजनाओं और राजनीतिक हालात पर हुई चर्चा

पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों ने घायलों को पहुंचाया अस्पताल

घटना की सूचना मिलते ही कर्रा थाना प्रभारी राजू कुमार पुलिस बल के साथ घटनास्थल पर पहुंचे. सीएचसी कर्रा के स्वास्थ्यकर्मी भी तत्काल वहां पहुंचे. पुलिस और स्वास्थ्यकर्मियों की मदद से दो घायल बच्चों को सीएचसी कर्रा पहुंचाया गया, जबकि अन्य घायलों को थाना वाहन से सदर अस्पताल खूंटी भेजा गया. दोनों बच्चों की गंभीर स्थिति को देखते हुए उन्हें भी बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल खूंटी रेफर कर दिया गया.

हादसे की जानकारी मिलने पर तोरपा थाना प्रभारी मनीष कुमार भी घटनास्थल पर पहुंचे और घायलों को अस्पताल पहुंचाने में सहयोग किया.

यह भी पढ़ें: त्योहारों में शराब-जुआ और हुड़दंग पर लगेगी रोक, सिल्ली थाना में शांति समिति की बैठक