समाचार · उत्तर प्रदेश
जनता लाठी बांटने वालों को नहीं, लैपटॉप बांटने वालों को चुनेगी, लखनऊ-कानपुर में भाजपा की पदयात्रा पर भड़के अखिलेश यादव

UP Politics: उत्तर प्रदेश में भाजपा की पदयात्रा अब राजनीतिक बयानबाजी का मुद्दा बन गई है. लखनऊ और कानपुर में पदयात्रा के दौरान ट्रैफिक जाम और लोगों को हुई परेशानी को लेकर समाजवादी पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष अखिलेश यादव ने भाजपा पर निशाना साधा है. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा पदयात्रा के नाम पर आम लोगों की मुश्किलें बढ़ा रही है. अखिलेश ने कहा कि लखनऊ में मरीजों तक को परेशानी उठानी पड़ी, जबकि कानपुर में पहले से जाम की समस्या के बीच पदयात्रा ने हालात और बिगाड़ दिए. उन्होंने दावा किया कि आगामी विधानसभा चुनाव में जनता भाजपा को इसका जवाब देगी.
पदयात्रा से आम लोगों को हुई परेशानी, अखिलेश ने उठाए सवाल
समाजवादी पार्टी की ओर से जारी प्रेस विज्ञप्ति में अखिलेश यादव ने कहा कि भाजपा की पदयात्रा ने लखनऊ में ट्रैफिक व्यवस्था प्रभावित की. उन्होंने कहा कि 'ट्रैफ़िक अराजकता' फैलाकर आम लोगों के साथ-साथ मरीज़ों को भी जो तकलीफ़ पहुँचाई है. लखनऊ के लोग इस अव्यवस्था से नाराज हैं. अखिलेश यादव ने कानपुर का उदाहरण देते हुए कहा कि शहर पहले से ही जाम की समस्या से जूझ रहा है. ऐसे में त्योहार के सीजन में भाजपा की पदयात्रा से लोगों की दिक्कतें और बढ़ गईं. उन्होंने आरोप लगाया कि भाजपा को आम जनता की परेशानियों की चिंता नहीं है.
महंगाई-बेरोजगारी पर भी भाजपा को घेरा
सपा प्रमुख ने भाजपा पर महंगाई, बेरोजगारी, भ्रष्टाचार और अन्याय जैसे मुद्दों पर जवाब नहीं देने का आरोप लगाया. उन्होंने कहा कि किसानों, नौजवानों और व्यापारियों की समस्याओं से सरकार को कोई मतलब नहीं है. उनके मुताबिक, भाजपा सत्ता में बने रहने के लिए सरकारी तंत्र का दुरुपयोग कर रही है. उन्होंने यह भी आरोप लगाया कि प्रदेश में किसानों, नौजवानों, छात्रों और कर्मचारियों का शोषण हुआ है. अखिलेश ने स्वास्थ्य, शिक्षा और कानून-व्यवस्था को लेकर भी सरकार पर सवाल उठाए. उन्होंने कहा कि भाजपा के पास अपने 10 साल के कार्यकाल की उपलब्धियां बताने के लिए कुछ नहीं है.
'जनता विधानसभा चुनाव में भाजपा को जवाब देगी'
अखिलेश यादव ने कहा कि प्रदेश की जनता भाजपा की कार्यशैली देख रही है और आगामी विधानसभा चुनाव में उसे सबक सिखाएगी. उन्होंने दावा किया कि जनता भाजपा को सत्ता से बाहर करने का फैसला करेगी. अपने बयान में सपा प्रमुख ने कहा कि प्रदेश की जनता लाठी बांटने वालों को नहीं, बल्कि लैपटॉप बांटने वालों को चुनेगी. उन्होंने भाजपा पर राजनीतिक विरोधियों के साथ बदले की भावना से कार्रवाई करने और समाज में नफरत फैलाने का भी आरोप लगाया.
Must Read: UP में MSP पर धान बेचने का इंतजार खत्म! वाराणसी में 39 केंद्रों पर खरीद शुरू, जानें कितने रुपये प्रति क्विंटल मिलेगा भाव