समाचार · मध्य प्रदेश
ग्रामीणों ने खाद से भरा ट्रैक्टर पकड़ा, कालाबाजारी का आरोप:समिति के बाहर पड़ी मिलीं 5 बोरियां की जब्त, अधिकारी बोले- दोषियों पर होगी कार्रवाई
छतरपुर के लवकुशनगर अनुभाग के चंदला शाखा अंतर्गत बालकौरा गांव में खाद से भरा ट्रैक्टर ग्रामीणों ने रोक लिया। ग्रामीणों ने खाद वितरण में अनियमितता और कालाबाजारी का आरोप लगाते हुए कार्रवाई की मांग की। सूचना मिलने पर चंदला तहसीलदार नारायण कोरी मौके पर पहुंचे और समिति के बाहर पड़ी 5 बोरी खाद जब्त की। वहीं ट्रैक्टर में ले जाई जा रही 50 से अधिक बोरियों के मामले में जांच की जा रही है। ग्रामीणों ने ट्रैक्टर रोककर अधिकारियों को दी सूचना ग्रामीणों का कहना है कि क्षेत्र में किसान खाद के लिए परेशान हैं, जबकि खाद की बोरियां ट्रैक्टर में भरकर ले जाई जा रही थीं। इसी दौरान ग्रामीणों ने ट्रैक्टर रोक लिया और अधिकारियों को सूचना दी। ग्रामीणों ने खाद वितरण में पारदर्शिता नहीं बरतने का आरोप लगाते हुए मामले की जांच और जिम्मेदार लोगों पर कार्रवाई की मांग की। घटना के दौरान समिति प्रबंधक बेनी पाल के भी मौजूद होने की बात सामने आई थी। मौके पर नहीं मिले समिति प्रबंधक, 5 बोरी जब्त सूचना मिलने पर चंदला तहसीलदार नारायण कोरी मौके पर पहुंचे। उस समय समिति प्रबंधक बेनी पाल वहां नहीं मिले। तहसीलदार ने समिति के बाहर पड़ी 5 बोरी खाद जब्त कर लीं। इन बोरियों के संबंध में फिलहाल केस बनाया गया है। वहीं ट्रैक्टर में ले जाई जा रही 50 से अधिक बोरियों के मामले में अभी जांच की जा रही है। तहसीलदार, कृषि विभाग और सहकारिता विभाग की संयुक्त टीम दस्तावेज, स्टॉक, गोदाम और समिति के रिकॉर्ड की जांच कर रही है। टोकन लेने वाले किसान के लिए खाद ले जाने की बात लवकुशनगर एसडीएम आयुष जैन ने बताया कि देर रात खाद ले जाने की सूचना मिली थी। इसके बाद तहसीलदार नारायण कोरी को मौके पर भेजा गया। एसडीएम के मुताबिक, ट्रैक्टर में रखी खाद उस किसान के लिए ले जाई जा रही थी, जिसने पहले ही टोकन ले लिया था, लेकिन वह समय पर खाद नहीं उठा पाया था। हालांकि, मामले में जांच जारी है। दस्तावेज और स्टॉक में गड़बड़ी मिली तो होगी कार्रवाई जांच टीम दस्तावेजों, स्टॉक, गोदाम और समिति के स्टाफ व प्रबंधक से जुड़े रिकॉर्ड का मिलान कर रही है। अधिकारियों के मुताबिक इनमें किसी भी तरह की लापरवाही, अनियमितता या गड़बड़ी सामने आने पर जिम्मेदार व्यक्ति के खिलाफ कार्रवाई की जाएगी। फिलहाल मामले में जांच जारी है। जांच टीम की रिपोर्ट आने के बाद यदि समिति प्रबंधक या किसी अन्य कर्मचारी की लापरवाही अथवा अनियमितता सामने आती है तो उसके आधार पर कार्रवाई की जाएगी।