समाचार · पंजाब
झोटा इंसाफ मोर्चा में ना आएं राहुल गांधी:झोटा के पिता भीम सिंह बोले ऐसा हुआ तो पंथ से निष्कासित हो जाऊंगा
मानसा में चल रहे परविंदर सिंह झोटा इंसाफ मोर्चा में लोकसभा के विपक्ष नेता व कांग्रेस पार्टी के सीनियर नेता राहुल गांधी के आने की चर्चा के बीच झोटा के पिता भीम सिंह ने कहा कि उनका राहुल गांधी या बेअंत सिंह के परिवार से किसी तरह का व्यक्तिगत अच्छा या बुरा संबंध नहीं है, लेकिन दोनों परिवारों से विनती है कि वे धरनास्थल के आसपास न आएं।
उन्होंने कहा कि राहुल गांधी इंदिरा गांधी के परिवार से हैं। वहीं, बेअंत सिंह के परिवार से चाहे उनका पोता हो, पड़पोता हो या सांसद, सभी से उनकी अपील है कि वे धरने के पास न आएं।
उन्होंने भावुक होते हुए कहा कि जिन लोगों ने उन्हें यह सम्मान और रुतबा दिया है, उनमें उनका पंथ, गुरु नानक देव जी, गुरु गोबिंद सिंह जी, अकाली बाबा फूला सिंह और बाबा दीप सिंह शामिल हैं। उनकी आस्था इन धार्मिक और पंथक परंपराओं से जुड़ी हुई है।
उन्होंने चेतावनी देते हुए कहा कि यदि राहुल गांधी या बेअंत सिंह परिवार का कोई सदस्य धरने के पास आया तो उन्हें पंथ से निष्कासित किए जाने या तनखैया घोषित होने का डर है। उन्होंने स्पष्ट किया कि उनकी और उनके परिवार की आस्था श्री अकाल तख्त साहिब से जुड़ी हुई है। इसलिए दोनों परिवार उनकी भावनाओं का सम्मान करते हुए धरने के पास न आएं।