समाचार · मध्य प्रदेश
हिंदू-संगठनों ने वन विभाग कार्यालय में हनुमान चालीसा पाठ किया:बंदरिया पर बैलेट गन चलाने वालों पर कार्रवाई की मांग की
बुरहानपुर के कादरिया स्कूल परिसर में घायल मिली 4 साल की बंदरिया की मौत के मामले में सोमवार को हिंदू संगठनों ने वन विभाग दफ्तर पहुंचकर प्रदर्शन किया। प्रदर्शनकारियों ने दफ्तर के गेट के सामने बैठकर हनुमान चालीसा पढ़ी और स्कूल प्रबंधन पर सख्त कार्रवाई की मांग उठाई। 28 अक्टूबर की शाम शाही किला रोड स्थित कादरिया स्कूल परिसर में कुछ लोगों ने बंदरिया पर बैलेट गन से हमला कर दिया था। वह अपने बच्चे को सीने से लगाए घायल हालत में मिली थी। सूचना मिलने पर पहुंची वन विभाग की टीम ने उसे बचाकर इलाज के लिए भेजा, लेकिन अगले दिन उसकी मौत हो गई। दो आरोपी जेल, तीसरा फरार घटना के विरोध में हिंदू जागरण मंच, विश्व हिंदू परिषद, शिवसेना और नरेंद्र मोदी विचार मंच के पदाधिकारी वन विभाग कार्यालय पहुंचे। संगठन के अजीत परदेसी, महेश सिंह चौहान और भूषण पाटील ने आरोपियों और स्कूल प्रबंधन पर कार्रवाई की मांग की। वन विभाग ने दो आरोपियों को पकड़कर जेल भेज दिया है, जबकि तीसरा आरोपी अभी फरार चल रहा है। वन्यजीव कानून के तहत केस दर्ज बुरहानपुर के एसडीओ वन विनय मेश्राम और डीएफओ विद्याभूषण सिंह ने बताया कि बंदरिया का पोस्टमॉर्टम कराया गया है। वन्य प्राणी संरक्षण अधिनियम, 1972 के तहत मामला दर्ज कर सबूत जुटाए जा रहे हैं। दो आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका है और मामले में आगे की कानूनी कार्रवाई जल्द की जाएगी। हालांकि वन विभाग ने अभी तक आरोपियों के नाम उजागर नहीं किए हैं।