समाचार · मध्य प्रदेश
सोने-चांदी के भाव गिरने से ग्वालियर में खरीदारी बढ़ी:सोना 1.80 लाख से घटकर 1.38 लाख रुपए प्रति 10 ग्राम हुआ, ग्राहकी में 20 से 25% इजाफा
त्योहारी सीजन में ग्वालियर के सराफा बाजार में खरीदारी बढ़ी है। सोने-चांदी के भाव गिरने के बाद ग्राहक धनतेरस और दिवाली से पहले ही आभूषण खरीद रहे हैं।
कई ग्राहक धनतेरस का इंतजार करने के बजाय मौजूदा भाव पर खरीदारी कर रहे हैं। उन्हें आशंका है कि आने वाले दिनों में कीमतें फिर बढ़ सकती हैं।
त्योहारों के साथ आगामी शादी-विवाह के सीजन के लिए भी खरीदारी हो रही है। ग्राहक नेकलेस सेट, चेन, अंगूठी और दूसरे आभूषण पसंद कर रहे हैं।
ग्राहकों का मानना है कि अभी कीमतें कम हैं, लेकिन धनतेरस और सहालग के दौरान सोने के भाव फिर बढ़ सकते हैं। इसलिए वे कम कीमत का फायदा उठाने के लिए पहले ही खरीदारी कर रहे हैं। ग्वालियर में सोने के दाम कुछ समय पहले करीब 1 लाख 80 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम तक पहुंच गए थे। अब भाव घटकर करीब 1 लाख 38 हजार रुपए प्रति 10 ग्राम पर आ गए हैं। यानी कीमतों में करीब 42 हजार रुपए की गिरावट आई है। इससे उन ग्राहकों को बड़ी राहत मिली है, जो लंबे समय से सोना खरीदने का इंतजार कर रहे थे।
एक ज्वेलरी शोरूम पर खरीदारी करने पहुंचीं आरती का कहना है कि वे करीब 5 तोले का नेकलेस सेट खरीदने आई हैं। उनका कहना है कि अभी सोने के भाव कम हैं, इसलिए आभूषण की कीमत भी अपेक्षाकृत कम पड़ेगी। अगर खरीदारी के लिए इंतजार किया और दोबारा भाव बढ़ गए तो ज्यादा कीमत चुकानी पड़ सकती है। इसलिए उन्होंने अभी ही खरीदारी करने का फैसला किया है। बाजार में 20 से 25 से बढ़ी ग्राहकी सराफा व्यापारी प्रदीप के मुताबिक, प्रधानमंत्री की अपील के बाद देशभर में सोने-चांदी के बाजार में करीब 70 फीसदी तक गिरावट देखने को मिली थी। हालांकि, अब कीमतों में कमी आने के बाद बाजार में फिर से ग्राहकों की आवाजाही बढ़ने लगी है। उनके अनुसार ग्राहकी में करीब 20 से 25 फीसदी तक इजाफा हुआ है। व्यापारी बताते हैं कि इस बार ग्राहक सिर्फ धनतेरस के लिए ही नहीं, बल्कि शादी-विवाह के सीजन को ध्यान में रखकर भी खरीदारी कर रहे हैं। कम भाव का फायदा उठाने के लिए लोग शुभ मुहूर्त का इंतजार किए बिना आभूषण खरीद रहे हैं। भाव फिर बढ़ेंगे या राहत जारी रहेगी, संशय बरकरार फिलहाल सोने-चांदी की कीमतों में आगे और गिरावट आएगी या फिर दोबारा तेजी देखने को मिलेगी, इसे लेकर स्थिति स्पष्ट नहीं है। इसी असमंजस के बीच ग्राहक मौजूदा भाव को खरीदारी का अच्छा मौका मान रहे हैं। त्योहारों पर छोटी-छोटी बचत से की जाने वाली खरीदारी अब लोगों के लिए बड़ी राहत बन रही है। यही वजह है कि धनतेरस से पहले ही सराफा बाजार में रौनक लौटने लगी है।