Monday, 2 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

अमृतसर में अवैध पटाखे बनाने वालों पर पुलिस सख्त:CP बोले हादसे में मौत हुई तो हत्या का केस दर्ज होगा

INT News2 November 2026 at 04:45 pm

अमृतसर में अवैध रूप से पटाखे बनाने और उनका भंडारण करने वालों के खिलाफ पुलिस ने सख्त रुख अपना लिया है। पुलिस कमिश्नर हरमनबीर सिंह गिल ने ऐसे लोगों को चेतावनी देते हुए कहा है कि लोगों की जान-माल से खिलवाड़ करने वालों को किसी भी कीमत पर बख्शा नहीं जाएगा। यदि किसी की लापरवाही या अवैध पटाखों के कारण आग लगने अथवा कोई बड़ा हादसा होने से जान का नुकसान होता है तो जिम्मेदार लोगों के खिलाफ हत्या समेत अन्य सख्त कानूनी धाराओं के तहत मामला दर्ज किया जाएगा। CP ने कहा हमारे ध्यान में आया है कि अमृतसर के अनगढ़ इलाके में पहले भी कुछ लोगों द्वारा अवैध रूप से पटाखे बनाने का काम किया जाता रहा है। इसी को देखते हुए पुलिस कमिश्नर ने इस धंधे में शामिल लोगों को कड़ी चेतावनी जारी की है। उन्होंने स्पष्ट किया कि बिना जरूरी मंजूरी के पटाखे बनाना और इस तरह की गतिविधियां चलाना आम लोगों की सुरक्षा के लिए गंभीर खतरा है। रिहायशी इलाकों में पटाखे बनाने पर रोक, पुलिस करेगी कार्रवाई पुलिस कमिश्नर ने कहा कि रिहायशी इलाकों, सार्वजनिक स्थानों और भीड़भाड़ वाले क्षेत्रों में बिना कानूनी अनुमति के पटाखे बनाने का काम तुरंत बंद किया जाए। ऐसी गतिविधियों को किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं किया जाएगा। उन्होंने बताया कि अवैध पटाखे बनाने और उनसे जुड़ी गतिविधियों पर नजर रखने के लिए कमिश्नरेट पुलिस के पूरे तंत्र को सक्रिय कर दिया गया है। पुलिस की टीमें ऐसे लोगों की गतिविधियों पर नजर रख रही हैं। किसी भी तरह की लापरवाही सामने आने पर सख्त कार्रवाई की जाएगी। लोगों से अवैध पटाखों की सूचना पुलिस को देने की अपील पुलिस कमिश्नर ने आम लोगों से भी अपील की कि यदि उनके आसपास कहीं अवैध रूप से पटाखे बनाए या स्टोर किए जा रहे हैं तो इसकी सूचना तुरंत पुलिस को दें। समय रहते मिली जानकारी से किसी बड़े हादसे को रोका जा सकता है।