समाचार · हरियाणा
कुरुक्षेत्र में आबादी के पास 5 फुट लंबा मगरमच्छ:ड्रेन में तैरता दिखा, रेस्क्यू के लिए जाल लगाया; भाखड़ा-SYL नहर से आने की आशंका
कुरुक्षेत्र जिले के दबखेड़ी गांव में आबादी के पास ड्रेन में 5 से 6 फुट लंबा मगरमच्छ दिखने से दहशत फैल गई है। ड्रेन के किनारे बने डेरे में करीब 10 परिवार रहते हैं। मगरमच्छ के लगातार दिखाई देने के बाद लोगों ने बच्चों और पशुओं को बाहर ले जाना लगभग बंद कर दिया है। सूचना मिलने पर गोताखोर प्रगट सिंह वाइल्ड लाइफ टीम के साथ मौके पर पहुंचे। टीम ने मगरमच्छ को पकड़ने के लिए ड्रेन में जाल लगाया और काफी देर तक रेस्क्यू ऑपरेशन चलाया, लेकिन मगरमच्छ पकड़ में नहीं आया। इसके बाद टीम ने लोगों को सतर्क रहने की सलाह दी है। SYL और भाखड़ा सिस्टम से ड्रेन तक पहुंचने की आशंका गोताखोर प्रगट सिंह ने बताया कि यह ड्रेन सतलुज यमुना लिंक (SYL) और नरवाना ब्रांच (भाखड़ा) नहर से जुड़े साइफन से जुड़ी है। इस साइफनर के रास्ते मगरमच्छ ड्रेन तक पहुंचा है। आबादी के करीब होने की वजह से चिंता बढ़ गई है। पिछले कुछ समय से इस क्षेत्र में मगरमच्छ दिखाई देने की घटनाएं बढ़ी हैं। डेरे के लोगों ने बदली दिनचर्या मगरमच्छ दिखने के बाद डेरे में रहने वाले परिवारों ने अपनी दिनचर्या बदली है। लोग पशुओं को चराने या पानी पिलाने के लिए ड्रेन के पास नहीं ले जा रहे। बच्चों को भी अकेले बाहर निकलने से रोका जा रहा है। मगरमच्छ के पकड़े जाने तक खतरा बना रहेगा। मगरमच्छ के वापस जाने की आशंका भी है, लेकिन एक बार पूरी ड्रेन में रेस्क्यू चलाना जरूरी है। 16 जुलाई को भी मिला था 6 फुट का मगरमच्छ पिछले महीने 16 जुलाई को नरकातरी गांव के पास से गुजरने वाली ड्रेन से करीब 6 फुट लंबे मगरमच्छ का रेस्क्यू किया गया था। वाइल्ड लाइफ टीम ने करीब आधे घंटे तक चले ऑपरेशन के बाद उसे सुरक्षित पकड़ लिया था। उस समय भी ड्रेन के आसपास के किसान और ग्रामीण डरे हुए थे।