समाचार · मध्य प्रदेश
दतिया उपचुनाव: आसपा का दावा- भाजपा-कांग्रेस ने मिलकर चुनाव लड़ा:दामोदर यादव बोले- तीसरी ताकत रोकने की रणनीति विफल, जनता बदलाव के पक्ष में
दतिया विधानसभा उपचुनाव के बीच आजाद समाज पार्टी (कांशीराम) के प्रत्याशी दामोदर यादव ने शनिवार को कांग्रेस और भाजपा पर मिलकर चुनाव लड़ने का आरोप लगाया है। प्रेस कॉन्फ्रेंस में यादव ने दावा किया कि दतिया में दोनों दलों ने तीसरी ताकत को रोकने के लिए रणनीति बनाई। लेकिन इसमें सफल नहीं हो सके। उन्होंने कहा कि उनकी पार्टी मजबूती से चुनाव जीतने जा रही है। दामोदर यादव ने आरोप लगाया कि कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह कांग्रेस के नहीं, बल्कि भाजपा नेता डॉ. नरोत्तम मिश्रा के प्रत्याशी के रूप में चुनाव लड़े। उन्होंने दावा किया कि नरोत्तम मिश्रा ने पहले भी घनश्याम सिंह को आर्थिक सहयोग दिया है और इस संबंध में उनके पास प्रमाण हैं। हालांकि, उन्होंने प्रेस कॉन्फ्रेंस में कोई दस्तावेज सार्वजनिक नहीं किया। भारती को भाजपा को फायदा पहुंचाने का आरोप
यादव ने कहा कि चुनाव के दौरान नरोत्तम मिश्रा के अधिकांश प्रमुख समर्थकों ने खुलकर घनश्याम सिंह का साथ दिया। वहीं, उन्होंने कांग्रेस के पूर्व विधायक राजेंद्र भारती पर भी भाजपा को लाभ पहुंचाने का आरोप लगाया। यादव के मुताबिक, मतदान से दो दिन पहले राजेंद्र भारती ने कार्यकर्ताओं की बैठक में घनश्याम सिंह को हराने की बात कही थी। आसपा प्रत्याशी ने कहा कि भाजपा और कांग्रेस के बीच राजनीतिक समझ के बावजूद जनता ने बदलाव का मन बना लिया है। उन्होंने दावा किया कि गांव, गरीब और किसानों का समर्थन उनकी पार्टी के साथ है और आजाद समाज पार्टी दतिया में जीत दर्ज करेगी। यह भी पढ़ें… कांग्रेस प्रत्याशी बोले- भारती ने BJP से पैसे लिए:चुनाव हराने भितरघात किया दतिया विधानसभा उपचुनाव में कांग्रेस की अंदरूनी कलह खुलकर सामने आ गई है। कांग्रेस प्रत्याशी कुंवर घनश्याम सिंह ने आरोप लगाया कि पूर्व विधायक राजेंद्र भारती ने भाजपा से फंडिंग ली। चुनाव हराने के लिए भितरघात कर साजिश रची। घनश्याम ने राजेंद्र भारती को कांग्रेस से निष्कासित करने की मांग की है। पूरी खबर पढ़िए…