समाचार · हरियाणा
हिसार पुलिस ने राजस्थान से 3 साइबर ठग पकड़े:कोर्ट में पेशकर जेल भेजा; इंस्टाग्राम पर सस्ती ड्रेस का झांसा दे युवक को फंसाया
हिसार साइबर थाना पुलिस ने इंस्टाग्राम पर सस्ती ड्रेस और आकर्षक गिफ्ट का लालच देकर ऑनलाइन ठगी करने वाले एक गिरोह के 3 आरोपियों को राजस्थान के बूंदी जिले से गिरफ्तार किया है। पुलिस ने इन आरोपियों के कब्जे से 3 मोबाइल फोन बरामद किए हैं। इनकी फोरेंसिक जांच कर पूरे साइबर नेटवर्क का पता लगाया जा रहा है। यह जानकारी एसपी सिद्धांत जैन ने दी। साइबर थाना प्रभारी कपिल ने बताया कि ऋषि नगर निवासी कमल की शिकायत पर केस दर्ज किया गया था। शिकायतकर्ता ने बताया कि उसने इंस्टाग्राम पर सस्ती कीमत में ड्रेस का विज्ञापन देखकर संपर्क किया था। व्हाट्सएप के जरिए आरोपियों ने उसे कम कीमत पर ड्रेस, अधिक खरीदारी पर गिफ्ट और कैशबैक का लालच दिया। इस दौरान कमल से अलग-अलग यूपीआई आईडी पर 41,940 रुपए ट्रांसफर करवा लिए गए। हिसार पुलिस ने कोटा और बूंदी से पकड़े आरोपी आरोपियों ने विश्वास कायम रखने के लिए 9,090 रुपए वापस भी भेजे, लेकिन अंततः कमल के साथ 32,850 रुपए की साइबर ठगी की गई। जांच के दौरान एएसआई राजा राम ने बैंक खातों, यूपीआई ट्रांजैक्शन और मोबाइल नंबरों का तकनीकी विश्लेषण किया। इसके आधार पर पुलिस ने बूंदी और कोटा में दबिश देकर उमाशंकर सैनी, सेवक सिंह और विकास मीणा को गिरफ्तार किया। साइबर ठगों को उपलब्ध कराए थे बैंक खाते पूछताछ में सामने आया कि बैंक खाते रुपए के लालच में साइबर ठगों को उपलब्ध कराए गए थे। प्रारंभिक जांच में यह भी पता चला है कि दो आरोपी दूसरे व्यक्तियों के नाम पर जारी सिम कार्ड का इस्तेमाल कर रहे थे। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर न्यायिक हिरासत में भेज दिया गया है। पुलिस पूरे साइबर नेटवर्क और ठगी की रकम के ट्रेल की जांच कर रही है।