समाचार · पश्चिम बंगाल
Video: पश्चिम बंगाल में जनगणना शुरू, शुभेंदु अधिकारी ने ऑनलाइन भरा अपना फॉर्म

देश की 16वीं जनगणना का स्व-गणना अभ्यास शनिवार को पश्चिम बंगाल में शुरू हो गया. पहले ही दिन मुख्यमंत्री शुभेदु अधिकारी ने डिजिटल माध्यम से अपना फॉर्म भरा. इस जनसंख्या सर्वेक्षण के पहले चरण के तहत पोर्टल एक अगस्त से 15 अगस्त तक खुला रहेगा. इस दौरान लोग आधिकारिक वेबसाइट पर अपना विवरण अपलोड कर सकते हैं. इसके बाद 16 अगस्त से 14 सितंबर तक मकानों की सूची बनाने का कार्य किया जायेगा. इस अभ्यास को देश की पहली ‘शत प्रतिशत डिजिटल’ जनगणना बताते हुए शुभेंदु अधिकारी ने पश्चिम बंगाल के लोगों से इस सर्वेक्षण में भाग लेने और अधिकारियों का सहयोग करने का आग्रह किया. गोपनीयता संबंधी चिंताओं को दूर करते हुए मुख्यमंत्री ने कहा कि जनगणना ‘पूर्णतः गोपनीय’ है और इसे कानूनी संरक्षण प्राप्त है. मुख्यमंत्री ने कहा- एकत्र किये गये डेटा का उपयोग केवल सांख्यिकी, नियोजन और विकास के लिए किया जायेगा. इस जनगणना में व्यक्तिगत जानकारी के किसी भी प्रकार के दुरुपयोग की कोई गुंजाइश नहीं है.