Saturday, 1 August 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

बेटी-नवजात से मिल लौट रहे किसान की हाईवे पर मौत:बैतूल में ट्रक ने कार को पीछे से मारी टक्कर, साथी गंभीर हालत में ICU में भर्ती

INT News1 August 2026 at 02:59 pm

बैतूल-इंदौर हाईवे पर खेड़ी के पास शनिवार को हुए एक सड़क हादसे में एक किसान की मौत हो गई। शव की पहचान शंकर लोखंडे (48) के रूप में हुई। वहीं, उनके साथ यात्रा कर रहे मनोज कनाठे (45) गंभीर रूप से घायल हो गए, जिनकी हालत नाजुक बनी हुई है। जानकारी के अनुसार, शंकर लोखंडे अपनी बेटी से मिलने बैतूल आए थे। उनकी बेटी नोबल अस्पताल में भर्ती थी, जहां हाल ही में उसकी डिलीवरी हुई थी। बेटी और नवजात को देखने के बाद शंकर अपने साथी मनोज कनाठे के साथ आल्टो कार से गोगामा लौट रहे थे। इसी दौरान खेड़ी के पास बैतूल-इंदौर हाईवे पर पीछे से आए एक अज्ञात ट्रक ने उनकी कार को जोरदार टक्कर मार दी। टक्कर इतनी भीषण थी कि कार बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई। हादसे में शंकर लोखंडे की मौके पर ही मौत हो गई। गंभीर रूप से घायल मनोज कनाठे को तत्काल अस्पताल पहुंचाया गया, जहां उनकी हालत चिंताजनक बनी हुई है। बताया जा रहा है कि उनके एक पैर ने काम करना बंद कर दिया है, कमर में भी मूवमेंट नहीं है और वे फिलहाल बोल भी नहीं पा रहे हैं। उन्हें आईसीयू में भर्ती किया गया है। अस्पताल पुलिस चौकी ने शव का पंचनामा बनाकर पोस्टमार्टम कराया और परिजनों को सौंप दिया। खेड़ी पुलिस चौकी मामले की जांच कर रही है और अज्ञात ट्रक तथा उसके चालक की तलाश में जुटी है।