समाचार · मध्य प्रदेश
शराब कारोबारी के मुनीम को गोली मारने वाले गिरफ्तार:सात लोगों ने घेरकर की थी मारपीट; आरोपियों से सोने-चांदी के जेवर भी बरामद
गुना में शराब कारोबारी के मुनीम पर फायरिंग करने के मामले में कैंट थाना पुलिस ने दो और फरार बदमाशों को गिरफ्तार किया है। 4 जून 2025 को सात-आठ बदमाशों ने मुनीम कमलेश शिवहरे पर हमला कर उनकी जांघ में गोली मार दी थी। इस मामले में पहले ही पांच आरोपी गिरफ्तार किए जा चुके थे। अब गिरफ्तार किए गए दोनों आरोपियों से पूछताछ में शहर की लूट और चोरी की दो अन्य वारदातों का भी खुलासा हुआ है। पुलिस ने उनकी निशानदेही पर चोरी के सोने-चांदी के आभूषण भी बरामद किए हैं। सात-आठ बदमाशों ने किया था हमला मामला 4 जून 2025 का है। फुलवारी कॉलोनी निवासी कमलेश शिवहरे प्रेम नगर ग्रुप कंपनी में मुनीम हैं। वह हिलगना स्थित वाइन शॉप सहित अन्य दुकानों का कलेक्शन और व्यवस्थाएं देखते हैं। कमलेश ने पुलिस को बताया था कि 4 जून की सुबह करीब 11:30 बजे वह अपने साथी हरदीप सरदार के साथ बाइक से हिलगना से शहर की ओर लौट रहे थे। साईं मंदिर के सामने तीन-चार बाइकों पर सवार सात-आठ बदमाशों ने उनकी बाइक को घेर लिया। पहले डंडों से पीटा, फिर मारी गोली कमलेश के अनुसार बदमाशों ने पहले उनकी बाइक रोककर डंडों से हमला किया, जिससे वह बाइक सहित गिर गए। इस दौरान उनके साथ बैठा कर्मचारी मौके से भाग निकला। आरोपियों ने पहले कट्टे से फायर किया, लेकिन गोली नहीं लगी। इसके बाद बदमाशों ने उनका पैर दबाकर पिस्टल से गोली मार दी, जो उनकी जांघ में लगी। घायल होने के बावजूद उन्होंने किसी तरह जान बचाई और साथियों को सूचना दी। बाद में उन्हें जिला अस्पताल में भर्ती कराया गया, जहां करीब एक सप्ताह इलाज के बाद छुट्टी मिली। अवैध गतिविधियों का विरोध करने पर हमला होने का आरोप घटना के बाद कमलेश ने बताया था कि हिलगना क्षेत्र में उनकी वाइन शॉप है। उनका आरोप था कि क्षेत्र में अवैध गतिविधियों में शामिल लोगों के खिलाफ पुलिस कार्रवाई के दौरान वह कई बार पुलिस के साथ गए थे। इसी रंजिश में बदमाशों ने उन्हें अकेला पाकर हमला किया। दो और फरार आरोपी गिरफ्तार मामले में पहले ही पांच आरोपियों को गिरफ्तार किया जा चुका था। शेष आरोपियों की तलाश के दौरान कैंट थाना पुलिस ने दो फरार आरोपी वनराज पुत्र भूपत सिंह पारदी (25) और देवराज उर्फ केप्टन पुत्र भूपत पारदी (26) निवासी बूढ़े बालाजी, गुना को गिरफ्तार कर लिया। पूछताछ में लूट और चोरी का खुलासा पुलिस ने आरोपियों के आपराधिक रिकॉर्ड को देखते हुए उनसे अन्य मामलों में भी पूछताछ की। पूछताछ में उन्होंने भगत सिंह कॉलोनी में एक ही रात तीन सूने मकानों में चोरी और एकलव्य छात्रावास के पास बाइक सवार युवकों से लूट की वारदात में शामिल होना स्वीकार किया। बाइक सवार युवकों से लूट की थी वारदात पूछताछ में सामने आया कि 31 मार्च 2025 की रात सिंघाड़ी रोड स्थित एकलव्य छात्रावास के पास अभिषेक किरार निवासी कालापाठा और उसके साथियों के साथ मारपीट कर बैग, पर्स, चांदी की अंगूठी लूटने और मोबाइल तोड़ने की घटना भी इन्हीं आरोपियों और उनके साथियों ने अंजाम दी थी। तीन सूने मकानों में की थी चोरी इसके अलावा 3-4 अप्रैल 2025 की दरम्यानी रात भगत सिंह कॉलोनी में पास-पास स्थित तीन सूने मकानों में नगदी और सोने-चांदी के आभूषण चोरी करने की वारदात भी इन्हीं आरोपियों ने अपने एक अन्य साथी के साथ मिलकर की थी। सोने-चांदी के आभूषण बरामद गिरफ्तार दोनों आरोपियों की निशानदेही पर पुलिस ने चोरी के सोने के 16 मोती, चांदी की एक करधनी और एक जोड़ी पायल बरामद की है। पुलिस ने लूट और चोरी के दोनों मामलों में शामिल अन्य आरोपियों की भी पहचान कर ली है। पुलिस का कहना है कि बाकी आरोपियों की गिरफ्तारी और चोरी गए शेष सामान की बरामदगी के लिए लगातार दबिश दी जा रही है। मामले की जांच जारी है।