समाचार · मध्य प्रदेश
वृंदावन से सकुशल मिली अपहृत नाबालिग:सागर पुलिस ने आरोपी को दबोचा,मोबाइल लोकेशन के आधार पर यूपी में की कार्रवाई
सागर के नरयावली थाना पुलिस ने नाबालिग के अपहरण के मामले में एक आरोपी को गिरफ्तार कर उसके कब्जे से नाबालिग को सुरक्षित दस्तयाब किया है। पुलिस ने किशोरी को सागर लाकर उसके बयान दर्ज किए। बयानों के आधार पर आरोपी के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराएं बढ़ाई गईं। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे जेल भेज दिया गया। 4 जून को दर्ज हुई थी शिकायत पुलिस के अनुसार, 4 जून को फरियादी ने नरयावली थाने में शिकायत दर्ज कराई थी। शिकायत में बताया गया था कि उनकी नाबालिग बेटी को एक अज्ञात व्यक्ति बहला-फुसलाकर अपने साथ ले गया है। शिकायत मिलते ही पुलिस ने अपहरण का मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी। परिजनों से पूछताछ कर जुटाए सुराग जांच के दौरान पुलिस ने परिजनों से पूछताछ की और नाबालिग के दोस्तों व परिचितों की जानकारी जुटाई। साथ ही मोबाइल की लोकेशन ट्रेस कर संभावित ठिकानों की तलाश शुरू की गई। छानबीन के दौरान पुलिस को नाबालिग की लोकेशन उत्तरप्रदेश के वृंदावन में मिली। सूचना मिलते ही पुलिस टीम तत्काल वृंदावन पहुंची और लोकेशन के आधार पर दबिश देकर नाबालिग को सुरक्षित दस्तयाब कर लिया। इसके बाद उसे सागर लाया गया। बयान के बाद पॉक्सो एक्ट की धाराएं जोड़ी गईं सागर लाकर नाबालिग के बयान दर्ज किए गए। बयानों के आधार पर पुलिस ने ललितपुर निवासी बिट्टू उर्फ लीलाधर लोधी (20) के खिलाफ पॉक्सो एक्ट सहित अन्य धाराओं में मामला दर्ज किया। पुलिस ने आरोपी बिट्टू उर्फ लीलाधर लोधी को गिरफ्तार कर थाने लाकर पूछताछ की। नरयावली थाना प्रभारी प्रतिमा मिश्रा ने बताया कि नाबालिग को सुरक्षित उसके परिजनों को सौंप दिया गया है। पूछताछ के बाद आरोपी को न्यायालय में पेश किया गया, जहां से उसे न्यायिक हिरासत में जेल भेज दिया गया।