समाचार · पंजाब
लुधियाना में शादी समारोह में कारोबारी से विवाद:स्टर्लिंग रिजॉर्ट में दोस्त के साथ हुई कहासुनी के बाद बढ़ी लड़ाई,गाली दे हवाई फायर किए
लुधियाना में शादी समारोह के दौरान एक कारोबारी (भाजपा नेता) के साथ विवाद होने और बाद में फोन पर गाली-गलौज कर जान से मारने की धमकियां देने का मामला सामने आया है। कारोबारी की शिकायत पर पुलिस ने अरमिंदर शर्मा उर्फ चीनू के खिलाफ BNS और आर्म्स एक्ट के तहत केस दर्ज किया है। पुलिस को दी शिकायत में साउथ सिटी निवासी करीब 39 वर्षीय कारोबारी आनंद गोपाल सूद के बेटे मोहित सूद ने बताया कि 25 नवंबर 2026 को वह पक्खोवाल रोड स्थित स्टर्लिंग रिजॉर्ट में एक शादी समारोह में शामिल होने गए थे। वहां उनके दोस्त तेजिंदर सिंह राजा भी मौजूद थे। शिकायत के मुताबिक, समारोह में अरमिंदर शर्मा उर्फ चीनू भी पहुंचा हुआ था। आरोप है कि उसने शराब के नशे में पहले उनके दोस्त के साथ विवाद किया। इसके बाद उनके दोस्त के सामने मोहित सूद को लेकर भी आपत्तिजनक बातें कहीं। जब तेजिंदर सिंह राजा ने इसका विरोध किया तो आरोपी ने उनके साथ भी बहस की और गाली-गलौज की। मोहित सूद के मुताबिक, इसके बाद आरोपी ने फोन पर भी उनसे संपर्क करने की कोशिश की। 26 नवंबर को आरोपी की मिस्ड कॉल आने के बाद जब उन्होंने फोन किया तो कथित तौर पर उनके साथ गाली-गलौज की गई और जान से मारने की धमकियां दी गईं। शिकायतकर्ता ने आरोप लगाया कि आरोपी ने उनके परिवार के सदस्यों के प्रति भी अपमानजनक भाषा का इस्तेमाल किया और उन्हें नुकसान पहुंचाने की धमकी दी। मोहित सूद के मुताबिक वह भाजपा का सक्रिय नेता है। आरोपी ने उसे धमकी दी है कि उसके गैंगस्टरों के साथ लिंक है वह उसे जान से मरवा देगा। CCTV फुटेज और अन्य सबूत पुलिस को सौंपने की बात शिकायतकर्ता ने पुलिस को बताया कि उनके पास मामले से संबंधित CCTV फुटेज और अन्य सबूत भी हैं जिन्हें वह पहले पुलिस के सुपुर्द करेंगे फिर मीडिया से शेयर करेंगे। उन्होंने आरोपी के खिलाफ सख्त कार्रवाई करने और परिवार की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। इन धाराओं में दर्ज हुआ केस इस मामले में थाना सदर की पुलिस ने आरोपी के खिलाफ BNS की धारा 74, 351(2), 125 तथा आर्म्स एक्ट की धाराएं 25, 27, 54 और 59 आरम्स एक्ट लगाई गई हैं। पुलिस ने मामले की जांच शुरू कर दी है।