Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · बिहार

Exclusive: बिहार के 99 प्रतिशत परिवारों तक पहुंचा नल का जल, 8,973 को ही मिले सर्टिफिकेट

INT News27 November 2026 at 06:10 am

पटना. बिहार में हर घर नल का जल योजना 99 प्रतिशत परिवारों तक पहुंचाया गया है. इसको लेकर पीएचइडी एवं अन्य विभागों के अधिकारी बार-बार दावा करते हैं, लेकिन जल जीवन मिशन की समीक्षा के बाद राज्य भर में हर घर जल योजना के क्रियान्वयन और उसके प्रमाणीकरण को लेकर अधिकारियों की सुस्ती सामने आयी है.

प्रमाणीकरण की प्रक्रिया धीमी

केंद्र सरकार की रिपोर्ट के मुताबिक राज्य के 37,309 गांवों में से 32,339 गांवों में शत-प्रतिशत घरों तक नल से जल पहुंचने की रिपोर्ट विभाग को मिल चुकी है, लेकिन इनमें से सिर्फ 8,973 गांवों का ही प्रमाणीकरण हो सका है. यानी 23,366 गांवों में शत-प्रतिशत कवरेज की रिपोर्ट देने के बावजूद प्रमाणीकरण की प्रक्रिया पूरी नहीं हुई है.

खास बातें

हर घर जल योजना : 23,366 गांवों के प्रमाणीकरण में सुस्ती,

अफसरों की मॉनीटरिंग पर सवाल

534 प्रखंडों में सिर्फ 22 प्रमाणित

8,199 पंचायतों में 1,557 को ही मिला प्रमाणपत्र

534 प्रखंडों में से 123 प्रखंडों के हर घर नल का जल

जल जीवन मिशन की 12 नवंबर तक की रिपोर्ट के अनुसार राज्यभर के 534 प्रखंडों में से 123 प्रखंडों ने हर घर जल का दावा किया गया है, लेकिन प्रमाणित प्रखंडों की संख्या महज 22 है. इसी तरह, 8,199 पंचायतों में 5,713 पंचायतों ने शत-प्रतिशत कवरेज की रिपोर्ट दी है, जबकि केवल 1,557 पंचायतों को प्रमाणित किया गया है. साथ ही, आंकड़े बताते हैं अधिकारियों की ओर से रिपोर्टिंग तो हुई, लेकिन प्रमाणीकरण की प्रक्रिया में अपेक्षित तेजी नहीं दिखी.

जल जीवन मिशन : हर घर जल के दावे और प्रमाणीकरण की स्थिति (12 नवंबर तक)

स्रोत : जल जीवन मिशन की रिपोर्ट, 12 नवंबर तक

प्रमाणीकरण में बड़े जिलों की स्थिति भी कमजोर

जिलावार आंकड़ों के अनुसार पूर्णिया में सर्वाधिक 835 गांव प्रमाणित हुये हैं.कटिहार में 795,बांका में 598, अररिया में 491, खगड़िया में 448 और गया में 401 गांवों को प्रमाणन मिला है. साथ ही, कई जिलों में रिपोर्टिंग के मुकाबले प्रमाणन काफी पीछे है. पीएचइडी की समीक्षा बैठक में जब केंद्र सरकार की रिपोर्ट के संबंध में अधिकारियों से पूछा गया, तो उन्होंने अपनी बातों को रखा. जिससे विभाग असंतुष्ट है और सभी अधिकारियों को अगले एक से दो माह में आंकड़ा दुरुस्त करने का निर्देश दिया है. वहीं, खराब प्रदर्शन वाले अधिकारियों पर सख्ती से कार्रवाई की जायेगी.

जल जीवन मिशन : सर्वाधिक प्रमाणित गांवों वाले जिले

तय होगी अधिकारियों की जवाबदेही

पीएचइडी अधिकारियों के मुताबिक योजना के तहत शत -प्रतिशत कवरेज की रिपोर्ट देने के बाद भी हजारों गांवों का प्रमाणीकरण नहीं होना विभागीय कार्यप्रणाली पर सवाल खड़ा करता है. आखिर जब गांवों में काम पूरा होने की रिपोर्ट भेजी जा चुकी है, तो उनके सत्यापन और प्रमाणन में इतनी देरी क्यों हो रही है. प्रखंड से लेकर जिला स्तर तक अधिकारियों की नियमित मॉनीटरिंग और जवाबदेही तय करने का निर्णय लिया गया है. विभाग सभी योजनाओं की जांच करके रिपोर्ट तैयार करेगा.

बिहार की ताजा खबरों को पढ़ने के लिए यहां क्लिक करें

अधिकारियों की परेशानी

पीएचइडी अधिकारियों के मुताबिक हर घर नल का जल योजना का काम हुआ है,लेकिन प्रमाणीकरण कराने में एक बड़ी परेशानी यह है कि इसकी पूरी प्रक्रिया ग्राम सभा से होना हैं, लेकिन वहां कोई सहयोग नहीं करता है. ग्राम सभा में जब योजना संबंधी पेपर पर हस्ताक्षर के लिये जाते है, तो वहां कई और काम अलग से बताया जाता है. कुछ काम तो करा देते है, लेकिन कुछ काम करना संभव नहीं है. इस कारण से प्रमाणीकरण में देरी होती है और बिहार व केंद्र सरकार के आंकड़ों में अंतर दिखता है.

Also Read: बिहार के सीमांचल में डेमोग्राफी चेंज जारी, किशनगंज-अररिया समेत इन जिलों में निगरानी तेज, खुफिया एजेंसियां अलर्ट...