Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · उत्तर प्रदेश

UP Board Exam 2027: यूपी बोर्ड परीक्षा केंद्रों की फाइनल लिस्ट जारी, 2744 आपत्तियों में 666 पर हुआ बदलाव, यहां देखें पूरी डिटेल

INT News27 November 2026 at 06:24 am

UP Board Exam 2027: यूपी बोर्ड की हाईस्कूल और इंटरमीडिएट परीक्षा 2027 के लिए परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची जारी कर दी गई है. इस बार प्रदेश में कुल 8113 केंद्रों पर परीक्षाएं कराई जाएंगी. केंद्रों के निर्धारण के बाद परीक्षार्थियों, अभिभावकों, स्कूलों के प्रधानाचार्यों और प्रबंधकों ने कई आपत्तियां दर्ज कराई थीं. इनकी जांच के बाद बोर्ड ने कुछ केंद्रों पर विद्यार्थियों की संख्या और केंद्रों की दूरी में बदलाव किया है.

2744 शिकायतों में से 666 को मिली मंजूरी

परीक्षा केंद्रों की सूची को लेकर राज्य स्तरीय समिति के पास कुल 2744 आपत्तियां पहुंची थीं. इनमें अलग-अलग स्कूलों और अभिभावकों ने अपनी समस्याएं रखी थीं. समिति ने सभी आपत्तियों की जांच की. इसके बाद 2078 आपत्तियों को सही नहीं मानते हुए खारिज कर दिया गया, जबकि 666 आपत्तियों को स्वीकार कर लिया गया. इन बदलावों का असर संबंधित परीक्षा केंद्रों पर पड़ा है.

नए परीक्षा केंद्र नहीं बनाए गए

आपत्तियों के निपटारे के बाद यूपी बोर्ड ने परीक्षा केंद्रों की व्यवस्था में कुछ जरूरी बदलाव किए हैं. हालांकि, केंद्रों की कुल संख्या पहले जितनी ही रखी गई है. बोर्ड ने न तो कोई नया परीक्षा केंद्र बनाया है और न ही पहले से तय किसी केंद्र को सूची से हटाया है. यानी हाईस्कूल और इंटर की परीक्षाएं पहले निर्धारित 8113 केंद्रों पर ही आयोजित होंगी.

सरकारी से लेकर निजी स्कूलों तक को मिली जिम्मेदारी

यूपी बोर्ड के सचिव भगवती सिंह के अनुसार, परीक्षा केंद्रों की अंतिम सूची बोर्ड की आधिकारिक वेबसाइट पर अपलोड कर दी गई है. इस सूची में 619 राजकीय विद्यालयों को परीक्षा केंद्र बनाया गया है. वहीं, 3383 सहायता प्राप्त और 4111 वित्तविहीन विद्यालयों को भी केंद्र की जिम्मेदारी दी गई है. इस तरह तीनों श्रेणियों के कुल 8113 विद्यालयों में बोर्ड परीक्षाएं आयोजित की जाएंगी.

Must Read: UP Panchayat Election 2026: यूपी में ग्राम प्रधान 6 महीने और रहेंगे प्रशासक, सरकार ने जारी किया आदेश, जानें वजह, अब कब होंगे पंचायत चुनाव?