Friday, 27 November 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · हरियाणा

अंबाला में 'जॉम्बी' नशे वाला युवक निकला यमुनानगर का:बोला-200 रुपये की शराब पी थी, घर जाने के पैसे नहीं थे इसलिए की एक्टिंग

INT News27 November 2026 at 06:49 am

अंबाला कैंट में बस स्टैंड के नजदीक सड़क पर अजीबोगरीब हालत में खड़े युवक का वीडियो वायरल होने के बाद जिस 'जॉम्बी नशे' को लेकर चर्चाएं शुरू हो गई थीं, उसकी कहानी अब कुछ और ही निकली है। युवक का एक नया वीडियो सामने आया। एक मिनट पांच सेकेंड के वीडियो में बताया है कि उसने जॉम्बी नशा नहीं किया था, बल्कि ठेके से 200 रुपये की शराब पी थी। शराब के नशे में उसके पास आगे जाने के पैसे नहीं बचे थे। ऐसे में उसने लोगों की मदद पाने के लिए जॉम्बी जैसी हालत में खड़े होकर एक्टिंग शुरू कर दी, ताकि कोई उसे घर छोड़ आए। युवक ने अपनी पहचान यमुनानगर जिले के छछरौली निवासी के रूप में बताई है। उसने बताया कि वह अंबाला में अपने एक रिश्तेदार के पास आया हुआ था। इसी दौरान उसने ठेके से 200 रुपये की शराब खरीदकर पी ली। शराब का नशा काफी ज्यादा हो गया। इसके बाद उसके पास आगे जाने के लिए पैसे नहीं बचे थे। घर पहुंचने के लिए सड़क पर करने लगा एक्टिंग युवक के मुताबिक, नशे की हालत में उसने एक तरीका निकाला। वह सड़क किनारे ऐसी स्थिति में खड़ा हो गया, जैसे उसके शरीर में कोई हलचल ही नहीं हो रही हो। वह चाहता था कि उसकी हालत देखकर कोई व्यक्ति उसे घर छोड़ने के लिए तैयार हो जाए। उसकी यह एक्टिंग देखकर लोग उसे गंभीर हालत में समझने लगे। बाद में कोई उसे घर छोड़कर भी आया। बोला- सिर्फ शराब पीता हूं, कभी जॉम्बी नशा नहीं किया नए वीडियो में युवक ने स्पष्ट किया कि वह केवल शराब का सेवन करता है। उसने कभी जॉम्बी नशा या इस तरह का कोई दूसरा नशीला पदार्थ नहीं लिया। उसके पहले वीडियो को देखकर सोशल मीडिया पर उसे जॉम्बी ड्रग्स का शिकार बताया जा रहा था। अब युवक के बयान के बाद इस मामले की तस्वीर बदल गई है। एक वीडियो से मचा था हड़कंप इससे पहले सामने आए वीडियो में युवक असामान्य मुद्रा में सड़क किनारे खड़ा दिखाई दे रहा था। उसका शरीर एक जगह स्थिर था और वह आसपास की गतिविधियों से बेखबर नजर आ रहा था। वीडियो वायरल होने के बाद इसे जॉम्बी ड्रग्स और फेंटानिल के असर से जोड़कर देखा जाने लगा था। हालांकि, उस समय भी नशे की पुष्टि करने वाली कोई मेडिकल रिपोर्ट सामने नहीं आई थी।