समाचार · पंजाब
बठिंडा सीयू पंजाब और मिजोरम विश्वविद्यालय के बीच समझौता:दोनों संस्थानों के बीच 5 साल के लिए हुआ करार, संयुक्त शोध और शैक्षणिक आदान-प्रदान बढ़ेगा
पंजाब केंद्रीय विश्वविद्यालय (सीयू पंजाब) बठिंडा और मिजोरम विश्वविद्यालय, आइजोल के बीच शैक्षणिक व अनुसंधान सहयोग को बढ़ावा देने के लिए समझौता ज्ञापन (एमओयू) पर हस्ताक्षर हुए हैं। यह करार 5 साल के लिए प्रभावी रहेगा, जिसे आपसी सहमति से आगे बढ़ाया जा सकेगा। इस साझेदारी से दोनों संस्थानों के विद्यार्थियों और शिक्षकों को संयुक्त शोध, शैक्षणिक आयोजनों और संसाधनों के साझा उपयोग का सीधा लाभ मिलेगा।
समझौते के तहत सीयू पंजाब अपने उपलब्ध संसाधनों के आधार पर मिजोरम विश्वविद्यालय के कार्यक्रमों को शैक्षणिक, तकनीकी और बुनियादी ढांचे से जुड़ा सहयोग प्रदान करेगा। दूसरी ओर, मिजोरम विश्वविद्यालय साझा रुचि के विषयों पर शोध को बढ़ावा देगा और अपने नेटवर्क के जरिए सीयू पंजाब की शैक्षणिक व अनुसंधान सुविधाओं का प्रचार-प्रसार करेगा। कार्यवाहक कुलपति ने जताया आभार
यह समझौता सीयू पंजाब के कार्यवाहक कुलपति प्रो. रामाकृष्णा वुसिरिका की देखरेख में संपन्न हुआ। उन्होंने इस साझेदारी को संभव बनाने के लिए मिजोरम विश्वविद्यालय के कुलपति प्रो. दिबाकर चंद्र डेका का आभार व्यक्त किया।
हस्ताक्षर समारोह में सीयू पंजाब के कुलसचिव डॉ. विजय शर्मा, सूचना एवं संचार अध्ययन संकाय के डीन प्रो. भव नाथ पांडेय और मिजोरम विश्वविद्यालय के पुस्तकालय एवं सूचना विज्ञान विभागाध्यक्ष प्रो. मनोज कुमार वर्मा मौजूद रहे। इनके अलावा आईक्यूएसी निदेशक प्रो. मोनीषा धीमान, शिक्षा संकाय के डीन प्रो. एसएस ढिल्लों, समाजशास्त्र विभागाध्यक्ष प्रो. नीलू रावत, जनसंचार विभागाध्यक्ष डॉ. रूबल कनौजिया, प्रो. महेंद्र कुमार, डॉ. ऋषभ श्रीवास्तव और डॉ. फ्लोरेंस गुइटे भी उपस्थित थे।