sports
IND vs NZ: गुरनूर बरार ने किया टेस्ट डेब्यू, प्लेइंग-11 में इस खिलाड़ी के बदले मिली जगह

IND vs NZ 2nd Test: भारत और न्यूजीलैंड के बीच शुक्रवार, 27 नवंबर को क्राइस्टचर्च के हेगले ओवल में सीरीज का दूसरा टेस्ट मैच खेला जा रहा है. इस मुकाबले में भारतीय टीम ने अपनी प्लेइंग-11 में एक बड़ा बदलाव किया है. पंजाब के तेज गेंदबाज गुरनूर बरार को टेस्ट क्रिकेट में डेब्यू करने का मौका मिला है. 26 वर्षीय गुरनूर बरार को टॉस से पहले भारतीय तेज गेंदबाज जसप्रीत बुमराह ने उनकी पहली टेस्ट कैप सौंपी. इसके साथ ही वह टेस्ट क्रिकेट में भारत का प्रतिनिधित्व करने वाले 321वें खिलाड़ी बन गए हैं.
गुरनूर बरार को प्रसिद्ध कृष्णा की जगह टीम में शामिल किया गया है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले टेस्ट में प्रसिद्ध ने दोनों पारियों में कुल 45 ओवर गेंदबाजी की थी और तीन विकेट अपने नाम किए थे. उन्होंने पहली पारी में 26 ओवर में 100 रन देकर एक विकेट लिया, जबकि दूसरी पारी में 19 ओवर में 23 रन देकर दो विकेट हासिल किए थे.
फर्स्ट क्लास क्रिकेट में गुरनूर बरार का कैसा रहा है प्रदर्शन?
टेस्ट क्रिकेट में कदम रखने से पहले गुरनूर बरार घरेलू क्रिकेट में अपनी गेंदबाजी का दम दिखा चुके हैं. उन्होंने अब तक 22 फर्स्ट क्लास मुकाबले खेले हैं, जिसमें उनके नाम 71 विकेट दर्ज हैं. उनकी गेंदबाजी ने न्यूजीलैंड के खिलाफ हाल ही में खेली गई वनडे सीरीज में भी काफी प्रभावित किया था.
गुरनूर बरार ने इस महीने न्यूजीलैंड के खिलाफ पांच मैचों की वनडे सीरीज के चार मुकाबले खेले थे. इस दौरान उन्होंने तीन पारियों में 9 विकेट चटकाए. शानदार प्रदर्शन के लिए उन्हें प्लेयर ऑफ द सीरीज चुना गया था. अब टेस्ट क्रिकेट में भी उन्हें अपनी प्रतिभा दिखाने का मौका मिला है.
न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट डेब्यू करने वाले 37वें भारतीय बने
बरार न्यूजीलैंड के खिलाफ टेस्ट क्रिकेट में पदार्पण करने वाले 37वें भारतीय खिलाड़ी हैं. उनसे पहले श्रेयस अय्यर ने इस टीम के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था. अय्यर ने 25 नवंबर 2021 को कानपुर में न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना पहला टेस्ट मैच खेला था. उन्होंने डेब्यू मुकाबले की पहली पारी में शानदार 105 रन बनाए थे.
भारत और न्यूजीलैंड के बीच पहली बार 1955 में टेस्ट सीरीज खेली गई थी. उस दौरान एजी कृपाल सिंह और नारायण स्वामी समेत कई भारतीय खिलाड़ियों ने न्यूजीलैंड के खिलाफ अपना टेस्ट डेब्यू किया था. अब इस सूची में गुरनूर बरार का नाम भी शामिल हो गया है.
IND vs NZ 2nd Test: दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत की प्लेइंग-11: केएल राहुल, यशस्वी जायसवाल, देवदत्त पडिक्कल, शुभमन गिल (कप्तान), ऋषभ पंत (विकेटकीपर), वॉशिंगटन सुंदर, ध्रुव जुरेल, आकाश दीप, अंशुल कंबोज, गुरनूर बरार और जसप्रीत बुमराह.
न्यूजीलैंड की प्लेइंग-11: टॉम लैथम (कप्तान), डेवोन कॉनवे, हेनरी निकोल्स, रचिन रवींद्र, डेरिल मिचेल, टॉम ब्लंडेल (विकेटकीपर), ग्लेन फिलिप्स, नाथन स्मिथ, काइल जैमीसन, मैट हेनरी और जैकब डफी.
ये भी पढ़ें: IND vs NZ 2nd Test: फ्री में कब-कहां और कैसे देखें भारत-न्यूजीलैंड का दूसरा टेस्ट? जानें डिटेल