Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · मध्य प्रदेश

इंदौर में पेटीएम अपडेट करते ही 3.92 लाख की ठगी:फ्रूट व्यापारी के मोबाइल पर आया फर्जी मैसेज, ऐप अपडेट करते ही उड़ाई रकम

INT News15 July 2026 at 04:51 pm

इंदौर की सराफा पुलिस ने लाखों रुपए की साइबर ठगी के मामले में एफआईआर दर्ज की है। पुलिस के मुताबिक फ्रूट व्यापारी के मोबाइल पर पेटीएम सस्पेंड होने का मैसेज आया। इसके बाद उन्होंने ऐप अपडेट किया तो उनका अकाउंट हैक हो गया और करीब 3.92 लाख रुपए निकाल लिए गए। पुलिस मामले की जांच कर रही है। नोटिफिकेशन में बताया पेटीएम सस्पेंड सराफा पुलिस के अनुसार, विद्याचल कॉलोनी निवासी कल्पेश जैन की शिकायत पर अज्ञात आरोपियों के खिलाफ एफआईआर दर्ज की गई है। कल्पेश ने बताया कि वे हुकुमचंद मार्ग पर फ्रूट का कारोबार करते हैं। 2 जून को उनके मोबाइल पर एक नोटिफिकेशन आया, जिसमें पेटीएम सस्पेंड होने की जानकारी दी गई थी। इसके कुछ देर बाद दूसरा नोटिफिकेशन आया, जिसमें पेटीएम अपडेट करने का विकल्प था। उन्होंने ऐप अपडेट किया, जिसके बाद मोबाइल स्विच ऑफ हो गया। दोबारा चालू करने पर पेटीएम ऐप नहीं खुला। पेमेंट किया तो पता चला लिमिट खत्म 5 जून को उन्होंने एक ग्राहक को पेमेंट करने की कोशिश की तो पता चला कि ट्रांजेक्शन लिमिट समाप्त हो चुकी है। बैंक जाकर जानकारी लेने पर पता चला कि 2 जून से 5 जून के बीच उनके अकाउंट से आधा दर्जन से अधिक ट्रांजेक्शन के जरिए 3 लाख 92 हजार रुपए निकाल लिए गए। इसके बाद पीड़ित ने साइबर हेल्पलाइन पर शिकायत दर्ज कराई। शिकायत की जांच के बाद सराफा पुलिस ने मंगलवार को मामला दर्ज कर जांच शुरू कर दी है।