Wednesday, 15 July 2026
INTइंडियन न्यूज़ ट्रस्टजहाँ सत्य मिले विश्वास से
ताज़ा खबरें

समाचार · पंजाब

बरनाला में ई-स्कूटी लूटने वाले तीन आरोपी गिरफ्तार:पुलिस ने लूटी स्कूटी, बाइक और धारदार हथियार किए बरामद

INT News15 July 2026 at 05:54 pm

बरनाला पुलिस ने स्कूटी लूट के मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए तीन आरोपियों को गिरफ्तार किया है। पुलिस ने उनके कब्जे से लूटी गई इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी, वारदात में इस्तेमाल मोटरसाइकिल और धारदार हथियार बरामद किए हैं। तीनों आरोपियों को अदालत में पेश कर कानूनी कार्रवाई शुरू कर दी गई है। पुलिस से मिली जानकारी के अनुसार, राय पत्ती ढिल्लवां कलां, बरनाला निवासी अमरजीत सिंह अपनी सफेद इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी पर खेत में पानी लगाने जा रहे थे। जब वह मेन हाईवे रोड स्थित मेगा बाईपास के पास पहुंचे, तो पीछे से प्लैटिना मोटरसाइकिल पर सवार तीन युवक उनके पास आए। आरोपियों ने अमरजीत सिंह की स्कूटी को घेरकर रोक लिया। उन्होंने अमरजीत सिंह को हथियार दिखाकर जान से मारने की धमकी दी और जबरन उनकी इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी छीन ली। वारदात के बाद तीनों आरोपी मौके से फरार हो गए। पीड़ित की शिकायत के आधार पर पुलिस ने मामला दर्ज कर जांच शुरू की। पुलिस ने गुप्त सूचना पर की छापेमारी गुप्त सूचना और लगातार की गई छापेमारी के बाद पुलिस ने तीनों आरोपियों की पहचान कर उन्हें गिरफ्तार कर लिया। गिरफ्तार आरोपियों की पहचान राजदीप सिंह उर्फ कालू, सतनाम सिंह उर्फ सत्तू और विकास कुमार के रूप में हुई है। पुलिस ने सबसे पहले वारदात में इस्तेमाल किया गया प्लैटिना मोटरसाइकिल बरामद किया। इसके बाद, आरोपियों की निशानदेही पर लूटी गई सफेद इलेक्ट्रॉनिक स्कूटी तथा वारदात में इस्तेमाल किए गए दात और बेसबॉल भी बरामद कर लिए गए। पुलिस का कहना है कि आरोपियों से गहन पूछताछ की जा रही है ताकि यह पता लगाया जा सके कि वे पहले भी किसी अन्य आपराधिक वारदात में शामिल रहे हैं या नहीं। अधिकारियों ने बताया कि जिले में कानून व्यवस्था बनाए रखने और लूटपाट जैसी घटनाओं पर अंकुश लगाने के लिए अभियान लगातार जारी रहेगा तथा अपराधियों के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।