समाचार · मध्य प्रदेश
पत्नी के मायके जाने के बाद युवक ने फांसी लगाई:देवास में घरेलू विवाद के बाद उठाया कदम, दो छोटे बच्चों के सिर से उठा पिता का साया
देवास के निमाड़ नगर, इटावा में घरेलू विवाद के बाद एक युवक ने फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। मृतक की पहचान राजेंद्र राटोले (31) के रूप में हुई है। घटना मंगलवार रात की है। सूचना मिलने पर पुलिस मौके पर पहुंची और शव को पोस्टमार्टम के लिए जिला अस्पताल भिजवाया। बुधवार को पोस्टमार्टम के बाद शव परिजनों को सौंप दिया गया। जानकारी के अनुसार, राजेंद्र और उनकी पत्नी के बीच पिछले दो-तीन दिनों से पारिवारिक विवाद चल रहा था। मंगलवार सुबह भी दोनों के बीच कहासुनी हुई थी। इसके बाद शाम करीब 4 बजे पत्नी ट्रेन से मायके जबलपुर के लिए रवाना हो गईं। बताया जा रहा है कि रात करीब 9 बजे राजेंद्र ने घर में फांसी लगाकर आत्महत्या कर ली। शुजालपुर पहुंचने पर उनकी पत्नी को पति की मौत की सूचना मिली, जिसके बाद वह तत्काल देवास लौट आईं। पेट्रोल पंप पर करते थे नौकरी राजेंद्र एक पेट्रोल पंप पर कार्यरत थे और परिवार की जिम्मेदारी उन्हीं के कंधों पर थी। उनके परिवार में पत्नी, दो छोटे बच्चे, पिता बाबूलाल और मानसिक रूप से अस्वस्थ मां हैं। परिजनों के अनुसार, वर्ष 2004 में राजेंद्र के एक भाई की भी मृत्यु हो चुकी है। वहीं उनका दूसरा भाई मानसिक रूप से अस्वस्थ होने के कारण घर से अलग रहता है। पुलिस ने मर्ग कायम कर मामले की जांच शुरू कर दी है। प्रारंभिक जांच में घरेलू विवाद की बात सामने आई है। पुलिस का कहना है कि आत्महत्या के कारणों की विस्तृत जांच की जा रही है और जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी।