समाचार · हरियाणा
पानीपत में पत्नी समेत 4 को उम्रकैद की सजा:पति की हत्या करवाकर पुलिस को किया गुमराह, बेल्ट से पीटकर नहर में फेंकी थी लाश
पानीपत की अतिरिक्त जिला एवं सत्र न्यायाधीश (ASJ) सुंदीप सिंह की अदालत ने साढ़े चार साल पुराने एक बेहद सनसनीखेज हत्या के मामले में फैसला सुनाया है। न्यायालय ने पति की बेरहमी से हत्या की साजिश रचने वाली पत्नी सोनू समेत 4 दोषियों को उम्रकैद की सजा सुनाई है। दोषियों ने मृतक अशोक की बेल्ट से बुरी तरह पिटाई कर उसकी हत्या कर दी थी और शव को नहर में फेंक दिया था। इस मामले में अदालत ने एक अन्य आरोपी महिला (ऊषा) को संदेह का लाभ देते हुए बरी कर दिया है। खुद शिकायतकर्ता बनकर थाने पहुंची थी हत्यारी पत्नी यह पूरी वारदात किसी फिल्मी स्क्रिप्ट जैसी है। थाना पुराना औद्योगिक क्षेत्र में 16 जनवरी 2022 को मुकदमा दर्ज कराया गया था। मृतक अशोक कुमार की पत्नी सोनू (जो अब मुख्य दोषी है) ने खुद थाने जाकर शिकायत दर्ज कराई थी। उसने पुलिस को कहानी सुनाई कि 19 दिसंबर 2021 को दीपक नाम का युवक उसके पति को घर से बुलाकर ले गया था। इसके बाद 13 जनवरी 2022 को दीपक ने उसके घर आकर गाली-गलौज की और अपने मोबाइल पर अशोक की हत्या करने का वीडियो दिखाकर लाश नहर में फेंकने की बात कबूली। पुलिस तफ्तीश में खुला राज- शिकायतकर्ता पत्नी ही निकली मास्टरमाइंड तत्कालीन उप-निरीक्षक रामकुमार व पुलिस टीम ने जब मामले की गहराई से जांच की, तो चौंकाने वाला सच सामने आया। दरअसल, अशोक की हत्या किसी और ने नहीं, बल्कि खुद उसकी पत्नी सोनू ने अपने प्रेम संबंधों व रंजिश के चलते अपने साथियों के साथ मिलकर रची थी। सोनू ने अपने साथियों अजीत, दीपक उर्फ दीपू और सोमबीर के साथ मिलकर अशोक के अपहरण और हत्या की पूरी साजिश रची थी। आरोपियों ने अशोक को बेल्ट से पीट-पीटकर मार डाला और साक्ष्य मिटाने के लिए शव को नहर में बहा दिया। पुलिस ने आरोपियों के कब्जे से वारदात में इस्तेमाल मोबाइल फोन और मोटरसाइकिल बरामद कर कोर्ट में पुख्ता वैज्ञानिक व डिजिटल साक्ष्य पेश किए।